रात के अंधेरे में खिड़कीयों पर बरसाए पत्थर, पुलिस ने कहा अब नहीं बचेंगे आरोपी
झाबुआ : नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झकनावदा में असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। रविवार रात अज्ञात बदमाशों ने अस्पताल की नई बिल्डिंग में जमकर उत्पात मचाते हुए करीब 5 से 6 खिड़कियों के कांच पत्थर मारकर फोड़ दिए। घटना के बाद अस्पताल स्टाफ और मरीजों में भय का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि अस्पताल की नई बिल्डिंग को संचालित हुए अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन बदमाश लगातार अस्पताल को निशाना बना रहे हैं। सोमवार सुबह जब कर्मचारी अस्पताल पहुंचे तब घटना का पता चला। कर्मचारियों के अनुसार रविवार रात करीब 8 से 10 बजे के बीच पत्थर फेंकने की आवाजें सुनाई दी थीं, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। अस्पताल कर्मचारियों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। अज्ञात बदमाश अक्सर अस्पताल परिसर में पत्थरबाजी कर दहशत फैलाने का प्रयास करते हैं। इससे रात्रिकालीन ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों और मरीजों में डर का माहौल बन गया है। गौरतलब है कि इससे पहले भी इन्हीं असामाजिक तत्वों द्वारा अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंस के कांच तोड़ दिए गए थे। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भारी आक्रोश है और सवाल उठ रहे हैं कि आखिर स्वास्थ्य सेवाओं को निशाना बनाने वालों पर अब तक सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
चौकी झकनावदा में की गई लिखित ने शिकायत दर्ज
संस्था प्रभारी डॉ. शोभित शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला उनके संज्ञान में आते ही पुलिस चौकी पर लिखित शिकायत दी गई है तथा अस्पताल परिसर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई है।
रिपोर्टर : मनीष कुमट


No Previous Comments found.