बीच बस स्टैंड पर बेतरतीब खड़े दोपहिया वाहन, यातायात व्यवस्था पूरी तरह लचर
झकनावदा : नगर के मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र में इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे नजर आ रही है। बस स्टैंड के बीचों-बीच वाहन चालक अपनी मनमर्जी से दोपहिया वाहन खड़े कर रहे हैं, जिससे आम नागरिकों, यात्रियों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड जैसे व्यस्त स्थान पर जहां हर समय यात्रियों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है, वहां सड़क के बीचों-बीच बाइक और स्कूटी खड़ी होने से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। स्थिति यह है कि कई बार बसों और अन्य बड़े वाहनों को निकलने में भी दिक्कत होती है, वहीं पैदल राहगीरों को भी रास्ता बदलकर निकलना पड़ता है।
अब तक नहीं हुई कोई ठोस कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन और पुलिस को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और जिम्मेदार अधिकारी केवल मूकदर्शक बने हुए हैं।
चौराहे पर हर समय लगा रहता है जाम
व्यापारियों ने बताया कि अव्यवस्थित पार्किंग के कारण ग्राहकों को भी परेशानी होती है। सड़क पर हर समय जाम जैसे हालात बने रहते हैं, जिससे बाजार क्षेत्र की व्यवस्था बिगड़ती जा रही है।
नहीं है पार्किंग व्यवस्था
नगर में बढ़ते वाहनों की संख्या के बावजूद बस स्टैंड क्षेत्र में कोई व्यवस्थित पार्किंग स्थल नहीं बनाया गया है। इसी का फायदा उठाकर वाहन चालक जहां जगह मिली वहीं वाहन खड़े कर देते हैं।
कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने व्यवस्था नहीं सुधारी तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रशासन से मांग
नगरवासियों ने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि बस स्टैंड क्षेत्र में नियमित यातायात व्यवस्था लागू की जाए, अवैध पार्किंग करने वालों पर चालानी कार्रवाई हो तथा उचित पार्किंग स्थल की व्यवस्था जल्द की जाए।
रिपोर्टर : मनीष कुमट

No Previous Comments found.