झकनावदा क्षेत्र में स्लॉट बुक नहीं होने से किसानों में आक्रोश
झाबुआ : झकनावदा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों में इन दिनों गेहूं पंजीयन एवं स्लॉट बुकिंग की समस्या को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। किसानों का आरोप है कि बार-बार प्रयास करने के बावजूद स्लॉट बुक नहीं हो पा रहे हैं, जिससे उनकी फसल समर्थन मूल्य पर बेचने की उम्मीद अधर में लटक गई है।
क्या कहते हैं किसान
किसानों का कहना है कि शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की व्यवस्था तो की गई है, लेकिन तकनीकी समस्याओं और स्लॉट उपलब्ध नहीं होने के कारण किसान परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कई किसान देर रात तक ऑनलाइन केंद्रों एवं साइबर कैफे पर चक्कर काट रहे हैं, फिर भी उन्हें स्लॉट नहीं मिल पा रहा है।
गेहूं की फसल घरों ईवान गोदामों में रखी
ग्रामीण किसानों ने बताया कि गेहूं की फसल पहले से ही घरों एवं गोदामों में रखी हुई है। तेज गर्मी और मौसम परिवर्तन के चलते फसल खराब होने की आशंका भी बढ़ रही है। दूसरी ओर आर्थिक जरूरतों के कारण किसानों को तत्काल भुगतान की आवश्यकता है, लेकिन पंजीयन प्रक्रिया में देरी से उनकी चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
सरकार एवं प्रशासन से की मांग
क्षेत्र के किसानों ने भाजपा सरकार एवं प्रशासन से मांग की है कि गेहूं खरीदी के लिए अतिरिक्त स्लॉट तत्काल खोले जाएं, सर्वर एवं पोर्टल की तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए तथा प्रत्येक किसान का समय पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों में व्यापारियों को बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े।
किसानों ने दी चेतावनी
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। किसानों का कहना है कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं कमजोर होने से किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
जिला प्रशासन से की मांग
स्थानीय किसानों एवं ग्रामीणजनों ने जिला प्रशासन से भी मांग की है कि झकनावदा क्षेत्र के खरीदी केंद्रों पर विशेष व्यवस्था कर किसानों को राहत प्रदान की जाए, ताकि समय पर गेहूं पंजीयन एवं खरीदी प्रक्रिया पूरी हो सके।
रिपोर्टर : मनीष कुमट

No Previous Comments found.