राष्ट्रभक्ति के सुरों से गूंजा कलेक्टर कार्यालय परिसर
झाबुआ : मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार प्रतिमाह के प्रथम कार्य दिवस पर राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं मध्यप्रदेश गान के सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर झाबुआ में आयोजित कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति और प्रदेश गौरव की भावना से ओतप्रोत रहा।
कार्यक्रम में केशव इंटरनेशनल एवं केशव विद्यापीठ स्कूल के छात्र-छात्राओं ने वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के साथ राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं मध्यप्रदेश गान की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की अनुशासित एवं सुमधुर प्रस्तुति ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा वातावरण में देशभक्ति का उत्साह भर दिया।
सामूहिक गायन के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक स्वर में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं मध्यप्रदेश गान का गायन कर राष्ट्रीय एकता, कर्तव्यनिष्ठा एवं प्रदेश के प्रति सम्मान की भावना को अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम के पश्चात कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से परिचय प्राप्त कर उनकी प्रस्तुति की सराहना की तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार से विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
यह रहे मुख्य रूप से उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश मण्डलोई, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षयसिंह मरकाम, डिप्टी कलेक्टर महेश बड़ोले, डिप्टी कलेक्टर रीतिका पाटीदार सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : मनीष कुमट
No Previous Comments found.