पल्स पोलियो अभियान का हुआ शुभारंभ, बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
झाबुआ - बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार को पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान के उद्घाटन अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र राठौड़, शिक्षक हेमेन्द्र कुमार जोशी, मनीष कुमट, संजय व्यास एवं डॉ. शोभित शुक्ला ने नन्हे बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाकर अभियान का श्रीगणेश किया।
पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियों की खुराक पिलाना अनिवार्य
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए प्रत्येक अभिभावक का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाई जानी चाहिए, ताकि उन्हें इस बीमारी से पूर्ण सुरक्षा मिल सके। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
28 जून से 30 जून तक चलेगा पल्स पोलियों अभियान
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों डॉ.शोभित शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि पल्स पोलियो अभियान 28 जून से प्रारंभ होकर तीन दिनों तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा पोलियो बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए क्षेत्र में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए आमजन से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत को बनाए रखने मे समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता महत्वपूर्ण है भारत मे वर्तमान मे पोलियो उन्मूलित है किंतु कुछ देश मे इनके केस अभी पाए गए है।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से किया आग्रह
स्वास्थ्य विभाग जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ.एम.एल. चोपड़ा ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपने पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद जीवन की अवश्य पिलाएं तथा राष्ट्रव्यापी जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें। पल्स पोलियों अभियान शुभारम्भ में डॉ.अकरम चौहान, आशा सुपरवाइजर श्रीमति मंजू, सुपरवाइजर बहादुर मेड़ा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - मनीष कुमुट
No Previous Comments found.