झकनावदा उप तहसील को मिला अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी,ओमप्रकाश गोयल ने संभाला पदभार
झकनावदा : शासन द्वारा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेटलावद तहसील के साथ-साथ सारंगी और झकनावदा को उप तहसील के रूप में स्थापित किया गया है। इसी क्रम में शासन के आदेशानुसार झकनावदा उप तहसील में नायब तहसीलदार के पद पर ओमप्रकाश गोयल की पदस्थापना की गई है।
उल्लेखनीय है कि झकनावदा के प्रभारी तहसीलदार विजेंद्र कटारे का हाल ही में जारी स्थानांतरण सूची में इंदौर तबादला हो गया था। इसके पश्चात नवागत नायब तहसीलदार ओमप्रकाश गोयल ने एसडीएम तनुश्री मीणा एवं नवागत तहसीलदार यशपाल मुजाल्दे से सौजन्य भेंट कर अपना पदभार ग्रहण किया।
2014 में पेटलावद में दे चुके हैं सेवाएं
ओमप्रकाश गोयल का झाबुआ जिले से पुराना जुड़ाव रहा है। वर्ष 2014 में वे राजस्व निरीक्षक (आरआई) के पद पर पेटलावद में अपनी सेवाएं प्रदान कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने धार जिले के बदनावर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर लंबे समय तक प्रशासनिक सेवाएं दीं और अपने कार्यकुशलता तथा अनुभव का परिचय दिया। अब एक बार फिर उनकी वापसी झाबुआ जिले में हुई है, जहां उन्होंने उप तहसील झकनावदा में नायब तहसीलदार के रूप में पदभार ग्रहण किया है।
कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की अतिरिक्त जिम्मेदारी
ओमप्रकाश गोयल के प्रशासनिक अनुभव और दक्षता को देखते हुए जिला कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने उन्हें झकनावदा के नायब तहसीलदार के प्रभार के साथ-साथ पेटलावद एवं रायपुरिया थाना क्षेत्र के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी है। क्षेत्र के नागरिकों को उम्मीद है कि अनुभवी अधिकारी के रूप में ओमप्रकाश गोयल के मार्गदर्शन में राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों में और अधिक गति आएगी तथा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी।
रिपोर्टर : मनीष कुमट
No Previous Comments found.