श्रृंगेश्वर धाम में दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव 28 से शुरू
झकनावदा : प्राचीन तपोस्थली श्री श्रृंगेश्वर धाम, माही तट झकनावदा में आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा के पावन अवसर पर दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सद्गुरु ब्रह्मलीन श्री 1008 श्री काशीगिरी महाराज की पावन कृपा एवं परंपरा के अनुसार आयोजित होगा। आयोजन को लेकर गुरु भक्तों एवं भंडारा समिति द्वारा तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
आयोजन की रूप रेखा
आयोजन की शुरुआत 28 जुलाई 2026, मंगलवार को रात्रि 8 बजे भजन संध्या से होगी। वहीं 29 जुलाई 2026, बुधवार को प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक गुरु महाराज का महाअभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 12:15 बजे गुरु पूजन एवं महाआरती तथा दोपहर 1 बजे महाप्रसादी का आयोजन होगा।
गादीपति श्री महंत रामेश्वरगिरी महाराज, भंडारा समिति एवं गुरु भक्त मंडल ने सभी श्रद्धालुओं से गुरु पूर्णिमा महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर साईं मंदिर झकनावदा में होगी महाआरती एवं विशाल भंडारा
झकनावदा (प्रतिनिधि मनीष कुमट) - गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर झकनावदा स्थित श्री साईं मंदिर में बुधवार, 29 जुलाई 2026 को भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। साईं मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में क्षेत्रभर के श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है।
महोत्सव के अंतर्गत शाम 5 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु बाबा के श्रीचरणों में दीप प्रज्ज्वलित कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे। इसके पश्चात शाम 5:30 बजे विशाल महाप्रसादी (भंडारा) का आयोजन होगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी ग्रहण कराई जाएगी। मंदिर समिति ने बताया कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा तथा बाबा की विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न होगी।
साईं मंदिर समिति ने नगर एवं आसपास के समस्त श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार सहित कार्यक्रम में उपस्थित होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा महाप्रसादी का लाभ लें।
रिपोर्टर : मनीष कुमट
No Previous Comments found.