लोड शेडिंग के नाम पर बार-बार बिजली गुल, आमजन परेशान

झाबुआ : झकनावदा नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों लोड शेडिंग के नाम पर बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित किए जाने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिन हो या रात, बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली कटौती होने से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है। लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के कारण घरेलू कार्य, छोटे-बड़े व्यापार, विद्यार्थियों की पढ़ाई तथा किसानों की दैनिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

विद्युत उपकरणों के खराब होने का अंदेशा 

नगरवासियों का कहना है कि कई बार कुछ ही मिनटों के अंतराल में बिजली कई बार आती-जाती रहती है, जिससे विद्युत उपकरणों के खराब होने का खतरा भी बना रहता है। बिजली बंद होने से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों एवं मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं दुकानदारों का कहना है कि बार-बार बिजली आंख मिचौनी से उनके व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है और आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है।

बिजली कटौती से पढ़ाई हो रही प्रभावित 

क्षेत्र के विद्यार्थियों ने भी बताया कि परीक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान लगातार बिजली कटौती से पढ़ाई बाधित हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है, क्योंकि बिजली नहीं रहने से मोटर एवं पंप समय पर संचालित नहीं हो पा रहे हैं।

रहवासियों ने की बिजली विभाग से मांग 

नगरवासियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि यदि तकनीकी कारणों से लोड शेडिंग आवश्यक है तो उसकी पूर्व सूचना जारी की जाए तथा अनावश्यक और बार-बार की जा रही अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए। लोगों का कहना है कि नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रत्येक उपभोक्ता का अधिकार है तथा विभाग को आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान करना चाहिए।

इनका कहना है 

बार बार अघोषित कटौती से ग्रामीण परेशान है अधिकारी लोड शेडिंग बताकर बार बार बिजली बंद कर रहे है। इससे मानव जीवन तो प्रभावित हो रहा है। साथ ही नगर में विद्युत से चलने वाले उपकरणों के बार बार बिजली बंद होने से खराब होने का खतरा बना हुआ है।

ठाकुर परीक्षित सिंह राठौर मंडल उपाध्यक्ष झकनावदा।

लोड शेडिंग के चलते विद्युत कटौती की जा रही है। हमे आगे से लोड शेडिंग के तहत विद्युत प्रदाय बंद करने की सूचना भी 10 मिनट पहले ही मिलती है।

 रिपोर्टर : मनीष कुमट

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.