झकनावदा मित्र मंडल ने डॉ. एम.एल. जैन का अभिनंदन पत्र भेंट कर दीं शुभकामनाएं
झकनावदा : चिकित्सा सेवा को केवल पेशा नहीं बल्कि मानवता की साधना मानने वाले कंचन हॉस्पिटल के संचालक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एम.एल. जैन (एमडी) के 63 वें जन्मदिवस पर गुरुवार को कंचन हॉस्पिटल परिसर में शुभकामनाएं देने वालों का दिनभर तांता लगा रहा। झाबुआ, धार, राजगढ़, रिंगनोद, सरदारपुर, राजोद, लाबरिया, धुलेट, झकनावदा सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे शुभचिंतकों ने उनका आत्मीय स्वागत कर दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
आत्मीय व्यवहार से बनाई एक अलग ही पहचान
डॉ. जैन ने वर्षों से अपनी सेवाभाव, सरल व्यक्तित्व और मरीजों के प्रति आत्मीय व्यवहार से समाज में एक विशिष्ट पहचान बनाई है। मरीजों के प्रति उनका अपनापन, आत्मविश्वास से भरे शब्द और सहज मुस्कान उपचार के साथ-साथ मानसिक संबल भी प्रदान करती है। यही कारण है कि क्षेत्र के हजारों परिवार उन्हें केवल चिकित्सक नहीं, बल्कि मानव सेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्व के रूप में सम्मान देते हैं।
झकनावदा मित्र मंडल पहुंचा कंचन हॉस्पिटल
इसी क्रम में झकनावदा मित्र मंडल का प्रतिनिधिमंडल कंचन हॉस्पिटल पहुंचा। वरिष्ठ भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह राठौर (सेमलिया), वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षक हेमेंद्र कुमार जोशी, गोपाल राठौड़, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष परीक्षित सिंह राठौर, नारायण प्रजापत, सुरेश राठौड़, संजय व्यास, गोपाल सोनी, मनीष कुमट, राजेंद्र मिस्त्री, हेमराज बारिया, कुणाल कांसवा सहित अन्य सदस्यों ने पुष्पवर्षा कर, पुष्पमाला पहनाकर एवं साफा बांधकर डॉ. जैन का सम्मान किया। इसके पश्चात 63 वें जन्मदिवस का केक कटवाकर सभी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
समारोह का यह रहा भावुक क्षण
समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब झकनावदा मित्र मंडल की ओर से शिक्षक हेमेंद्र कुमार जोशी ने डॉ. जैन के सम्मान में तैयार अभिनंदन-पत्र का वाचन किया। सम्मान-पत्र में उनके चिकित्सा क्षेत्र में योगदान, मानवीय संवेदनाओं और निस्वार्थ सेवा की सराहना की गई। वाचन के दौरान डॉ. जैन भावुक हो उठे और उनकी आंखें नम हो गईं। उपस्थित जनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अभिनंदन-पत्र भेंट कर उन्हें दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर जनसेवा के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर डॉ. सुमित जैन, डॉ.प्रणिता जायसवाल डॉ. राजकुमार जायसवाल, डॉ. आशीष पाटीदार, डॉ. आयुष जैन, डॉ. निसर्ग, डॉ.नेहा चैतन्य सहित कंचन हॉस्पिटल का चिकित्सकीय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : मनीष कुमुट
No Previous Comments found.