कर्मभूमि झकनावदा पहुंचे सीएमएचओ डॉ. एम.एल. चौपड़ा, साफा बांधकर पुष्पमालाओं से हुआ भव्य अभिनंदन

झकनावदा : अपनी कर्मभूमि से जुड़ाव और वर्षों तक दी गई निस्वार्थ सेवाओं की यादें उस समय फिर ताजा हो गईं, जब झाबुआ जिले के मुख्य जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एल. चौपड़ा पदोन्नति के बाद पहली बार झकनावदा पहुंचे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झकनावदा के निरीक्षण के दौरान उनके आगमन की खबर मिलते ही शुभचिंतकों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में हर्ष का माहौल बन गया। इस दौरान डॉ. चौपड़ा का साफा बांधकर एवं पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया गया।

2012 में झकनावदा से शुरू हुआ चोपड़ा की सेवा का सफर

डॉ. एम.एल. चौपड़ा की वर्ष 2012 में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झकनावदा में पदस्थापना हुई थी। वर्ष 2023 तक उन्होंने झकनावदा सहित आसपास के करीब 40 गांवों में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। ग्रामीण क्षेत्र में सीमित संसाधनों के बीच मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और जरूरतमंदों की सेवा के लिए डॉ. चौपड़ा हमेशा तत्पर रहे।

कोरोना महामारी में सेवा भावना की मिसाल

डॉ. चौपड़ा के सेवाकाल का सबसे चुनौतीपूर्ण दौर कोरोना महामारी का भी रहा। संक्रमण के भय के बावजूद उन्होंने अपने और अपने परिवार की चिंता किए बिना कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी इसी सेवा भावना और समर्पण को देखते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के झाबुआ दौरे के दौरान उन्हें मंच से प्रशंसा पत्र एवं उपहार स्वरूप चेक देकर सम्मानित किया गया था।

पदोन्नति के साथ बढ़ती गई जिम्मेदारियां

वर्ष 2023 में डॉ. चौपड़ा की पदोन्नति सीबीएमओ के पद पर हुई और उन्होंने भाबरा में पदभार ग्रहण कर वर्ष 2023-24 में अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद वर्ष 2024-25 में उनका स्थानांतरण पेटलावद हुआ, जहां उन्होंने सिविल अस्पताल पेटलावद में वर्ष 2025-26 तक अपनी सेवाएं देते हुए मरीजों और क्षेत्रवासियों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।

उनकी कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति समर्पण को देखते हुए शासन स्तर पर उन्हें एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली। 17 जून 2026 को डॉ. एम.एल. चौपड़ा को मुख्य जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर पदोन्नत किया गया। इसके बाद से वे झाबुआ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, व्यवस्थाओं में सुधार करने तथा मरीजों को समय पर उचित उपचार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

कर्मभूमि पर लौटे तो भावुक हुआ माहौल

शुक्रवार को जब डॉ. चौपड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झकनावदा के निरीक्षण के लिए पहुंचे, तो उनके पुराने कार्यकाल से जुड़े शुभचिंतकों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया। पदोन्नति के बाद अपनी कर्मभूमि पर प्रथम आगमन पर भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र राठौड़, शिक्षक हेमेन्द्र कुमार जोशी, पूर्व सांसद प्रतिनिधि राजेश कांसवा, डॉ. शोभित शुक्ला, मंडल उपाध्यक्ष जितेंद्र राठौड़, राजेंद्र मिस्त्री, सचिव विनोद देवदा सहित पत्रकारों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने डॉ. चौपड़ा को साफा बांधकर एवं पुष्पमालाएं पहनाकर अभिनंदन किया।

चौपड़ा द्वारा दी गई सेवाएं आज भी करते है क्षेत्रवासी याद

इस अवसर पर उपस्थित लोगों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने डॉ. चौपड़ा को उनकी पदोन्नति पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झकनावदा में उनके द्वारा दी गई सेवाओं को आज भी लोग याद करते हैं। वहीं डॉ. चौपड़ा के लिए भी झकनावदा की धरती पर लौटना पुराने सेवाकाल की यादों को ताजा करने वाला रहा।सेवा की शुरुआत जिस झकनावदा से हुई, उसी कर्मभूमि पर पदोन्नति के बाद सम्मान मिलना डॉ. एम.एल. चौपड़ा के लिए निश्चित रूप से गौरव और आत्मीयता का क्षण रहा।

 रिपोर्टर : मनीष कुमट 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.