जिला पुलिस कप्तान देवेंद्र पाटीदार ने श्रृंगेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक

झकनावदा : श्रावण मास के दूसरे सोमवार को जिले की हृदय स्थली एवं प्राकृतिक सौंदर्य की गोद में बसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्रृंगेश्वर महादेव धाम में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिला पुलिस कप्तान देवेंद्र पाटीदार ने श्रृंगेश्वर महादेव के दर्शन-वंदन कर विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया।पंडित विकास जोशी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जिला पुलिस कप्तान पाटीदार से भगवान श्रृंगेश्वर महादेव का अभिषेक करवाया। इस दौरान पुलिस कप्तान ने भगवान महादेव से देश, प्रदेश एवं जिले में सुख-शांति, समृद्धि और अमन-चैन कायम रहने की मंगलकामना की।

श्रृंगेश्वर धाम के प्रमुख धार्मिक स्थलों के किए दर्शन

जलाभिषेक के पश्चात जिला पुलिस कप्तान ने श्रृंगेश्वर धाम को धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान दिलाने वाले ब्रह्मलीन महंत श्री श्री 1008 काशीगीरी जी महाराज की समाधि स्थल, पंचमुखी हनुमान मंदिर एवं माही माता मंदिर पहुंचकर दर्शन-वंदन किए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

वर्तमान गादीपति से भेट कर लिया आशीर्वाद 

इसके बाद जिला पुलिस कप्तान देवेंद्र पाटीदार ने श्रृंगेश्वर महादेव धाम के गादीपति श्री महंत रामेश्वर गिरी महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर महंत श्री ने जिला पुलिस कप्तान का शाल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंटकर आत्मीय अभिनंदन किया।

माही नदी तट की सुरक्षा व्यवस्था की ली जानकारी

श्रृंगेश्वर महादेव धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए जिला पुलिस कप्तान देवेंद्र पाटीदार ने माही नदी तट की सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में चर्चा की तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जिला पुलिस कप्तान की इस पहल की क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं ने सराहना की। धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्वयं जायजा लेना पुलिस प्रशासन की संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और आमजन की सुरक्षा के प्रति सजगता को दर्शाता है।

संत एवं पुलिस बल रहा मौजूद

इस दौरान संत संतोष महाराज सहित श्रृंगेश्वर धाम से जुड़े गुरू भक्त उपस्थित रहे। वहीं झकनावदा चौकी प्रभारी सुरेंद्रसिंह सिसोदिया अपने पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए नजर आए। श्रावण सोमवार के चलते धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस बल द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई।
श्रृंगेश्वर महादेव धाम में जिला पुलिस कप्तान देवेंद्र पाटीदार की धार्मिक आस्था के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिखाई गई सक्रियता ने श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के बीच सकारात्मक संदेश दिया।

रिपोर्टर : मनीष कुमट 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.