देशभक्ति के रंग में रंगा झकनावदा, यात्रा में दिखा जबरदस्त उत्साह
झकनावदा - स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व के पूर्व बुधवार को झकनावदा नगर में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा में आमजन, प्रशासनिक अधिकारी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, युवा साथियों सहित माताओं-बहनों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में नागरिक देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए।
शा.उ.मा.वि.से हुआ तिरंगा यात्रा का शुभारंभ
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ प्रातः 11 बजे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से हुआ। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मेन बाजार एवं बस स्टैंड पहुंची। पूरे मार्ग में नागरिकों में खासा उत्साह नजर आया। भारत माता की जय एवं वंदे मातरम् के नारों से नगर का वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
बड़ी संख्या में शामिल हुआ राजनीतिक दल, प्रशासनिक अधिकारी,ग्रामीणजन
यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता, समाजसेवी, युवा, महिलाएं एवं नगर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। बच्चों और युवाओं में भी तिरंगा यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।यात्रा का समापन गणेश मंदिर पर हुआ। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को मजबूत बनाने तथा देशहित में सदैव अपना योगदान देने का संकल्प लिया। विशाल तिरंगा यात्रा ने झकनावदा नगर में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया। आयोजन को लेकर नगरवासियों में पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा।
रिपोर्टर - मनीष कुमट
No Previous Comments found.