पिटोल में सागर होटल पर पुलिस की दबिश, जुआ खेलते 6 गिरफ्तार
झाबुआ : जिले में जुआ-सट्टा एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ झाबुआ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चौकी पिटोल थाना झाबुआ पुलिस ने इंदौर-अहमदाबाद हाईवे क्रमांक 47 स्थित सागर होटल में दबिश देकर जुआ खेलते होटल संचालक सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹26,700 नगद, 5 एंड्रॉयड मोबाइल फोन एवं एक ताश की गड्डी, कुल करीब ₹81,700 का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 11 अगस्त 2026 को चौकी पिटोल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सागर होटल के ऊपरी कमरे में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये लगाकर हार-जीत का दांव लगाते हुए जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर होटल में दबिश दी। यहां छह व्यक्ति जुआ खेलते पाए गए।
पुलिस द्वारा मौके पर पूछताछ एवं तलाशी की कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपियों के कब्जे से नगदी राशि और मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों द्वारा नगद राशि लगाकर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलना स्वीकार किया गया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने होटल संचालक विजय पिता सुरेश चंद बढ़तवाल निवासी पिटोल सहित दीपल पिता सतीश देसाई उम्र 40 वर्ष निवासी बंजारवाड़ा, दाहोद, अमित पिता रतनसिंह गणावा उम्र 32 वर्ष निवासी दाहोद, राजुभाई पिता बच्चुभाई बारिया उम्र 41 वर्ष निवासी वरमखेड़ा, दाहोद, बाला पिता खुमान डामोर उम्र 45 वर्ष निवासी संगा फलिया, दाहोद तथा धारू पिता कालिया भाई बारिया उम्र 50 वर्ष निवासी मांडव रोड, दाहोद को गिरफ्तार किया।
जुआ एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 13 जुआ एक्ट एवं धारा 112 बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 758/2026 दर्ज कर विवेचना में लिया है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक अशोक बघेल, सउनि सुरसिंह चौहान, प्रधान आरक्षक 323 दिलीप डावर, आरक्षक 441 कैलाश सोलंकी एवं आरक्षक 284 अशरफ खान का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया एवं एसडीओपी झाबुआ श्री कमलेश शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस द्वारा जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
रिपोर्टर : मनीष कुमट
No Previous Comments found.