झकनावदा के दो शासकीय कर्मचारियों ने बढ़ाया मान, जिला स्तरीय समारोह में हुए सम्मानित
झकनावदा - स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर झाबुआ जिला मुख्यालय पर आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। समारोह में मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने अपने शुभ हस्ते उत्कृष्ट सेवाओं के लिए चयनित अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
यह हुए उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए सम्मानित
इस अवसर पर झकनावदा के दो शासकीय कर्मचारियों को जिला स्तर पर सम्मान मिलने से पूरे झकनावदा क्षेत्र का मान बढ़ा है। झकनावदा चौकी प्रभारी सुरेंद्रसिंह सिसोदिया को क्षेत्र में उत्कृष्ट पुलिसिंग, बेहतर सेवाओं एवं सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय झकनावदा की अध्यापिका श्रीमती मोनू गगन सोलंकी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं एवं विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया।
बेहतर पुलिसिंग के लिए चौकी प्रभारी सिसोदिया सम्मानित
झकनावदा पुलिस चौकी प्रभारी सुरेंद्रसिंह सिसोदिया द्वारा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन के साथ बेहतर समन्वय एवं पुलिसिंग के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए उन्हें जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान किया। इस दौरान कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार सहित जिले के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सम्मान मिलते ही क्षेत्र में हर्ष की लहर
चौकी प्रभारी सिसोदिया को मिले इस सम्मान से पुलिस विभाग के साथ ही झकनावदा एवं आसपास के क्षेत्रवासियों में भी हर्ष की लहर है। लोगों ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल एवं भविष्य में भी इसी प्रकार समर्पित होकर सेवाएं देने की शुभकामनाएं दीं।
झकनावदा की बेटी अध्यापिका सोलंकी को भी मिला जिला स्तरीय सम्मान
झकनावदा में पली-बढ़ी श्रीमती मोनू गगन सोलंकी लंबे समय से अपने ही गांव के पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय झकनावदा में अध्यापिका के रूप में सेवाएं दे रही हैं। शिक्षा के प्रति समर्पण के साथ विद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें भी जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया गया। कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने अध्यापिका सोलंकी को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर उनकी उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
एक ही गांव के दो कर्मठ कर्मचारियों का सम्मान, झकनावदा में खुशी
स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में एक ही गांव से जुड़े दो शासकीय कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान मिलना झकनावदा के लिए गौरव की बात है। एक ओर पुलिस विभाग में बेहतर कार्य के लिए चौकी प्रभारी सुरेंद्रसिंह सिसोदिया को सम्मान मिला, वहीं शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित सेवाओं के लिए अध्यापिका मोनू गगन सोलंकी को सम्मानित किया गया। दोनों के सम्मानित होने पर झकनावदा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पुलिस विभाग के कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों ने दोनों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि पूरे झकनावदा क्षेत्र का गौरव है। झकनावदा क्षेत्रवासियों की ओर से चौकी प्रभारी सुरेंद्रसिंह सिसोदिया एवं अध्यापिका श्रीमती मोनू गगन सोलंकी को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
रिपोर्टर - मनीष कुमट
No Previous Comments found.