सेवा भाव से कार्य करें, अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई - कलेक्टर डॉ. भरसट
झाबुआ : कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट झाबुआ जनपद के सचिवों एवं रोजगार सहायकों की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए सचिवों और रोजगार सहायकों को पूरी जिम्मेदारी एवं सेवा भाव से कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि शासकीय सेवा का उद्देश्य केवल नौकरी करना नहीं, बल्कि आमजन की सेवा करना है। सभी अधिकारी-कर्मचारी इसी भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्राम पंचायतों के कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित सरपंच एवं सचिव के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने रोजगार सहायकों को वीबी-जी राम जी से संबंधित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है। योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिकायत की स्थिति नहीं बननी चाहिए। प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए। कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक ग्राम विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। तीनों के आपसी समन्वय और सक्रियता से गांवों में विकास कार्यों को बेहतर ढंग से धरातल पर उतारा जा सकता है। उन्होंने आदि सेवा केंद्रों की विशिष्ट पहचान विकसित करने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने कहा कि सामूहिक प्रयासों और बेहतर कार्यप्रणाली के माध्यम से जिले को विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने मैदानी अमले को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि लगातार बेहतर एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले सचिवों और रोजगार सहायकों को चिन्हित कर पुरस्कृत किया जाएगा।
इस दौरान संबंधित अधिकारी कर्मचारी, सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : मनीष कुमट
No Previous Comments found.