जन्मदिन पर वन कन्या आश्रम की छात्राओं को कराया भोजन बांटी मिठाइयां

झकनावदा। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा शिक्षा विभाग में शुरू किए गए तिथि नवाचार के तहत शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी अपने विशेष अवसरों को विद्यार्थियों के साथ मनाकर उन्हें प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसी क्रम में पेटलावद की बीआरसी श्रीमती रेखा गिरी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर झकनावदा स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय वन कन्या आश्रम पहुंचकर छात्राओं के साथ अपना जन्मदिन मनाया।

छात्राओं को करवाया स्वादिष्ट भोजन 

इस अवसर पर श्रीमती रेखा गिरी ने अपने स्वयं के खर्च से आश्रम की छात्राओं के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की। छात्राओं को सब्जी-पूड़ी, खीर सहित मिठाइयां परोसी गईं। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भोजन का आनंद लिया।  इस दौरान श्रीमती रेखा गिरी,शिक्षक हेमेन्द्र कुमार जोशी, मनीष कुमट ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया जन्मदिन के अवसर पर छात्राओं के बीच पहुंचकर उनके साथ समय बिताने की पहल को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया गया।

केक कटवाकर कर दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं की उपस्थिति में आश्रम की अधीक्षिका श्रीमती कलावती, मुकेश मकवाना, शिक्षक राजेश एवं मनीष कुमट सहित अन्य उपस्थितजनों ने बीआरसी रेखा गिरि स्वामी का केक कटवाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। छात्राओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखद जीवन की कामना की।

बच्चों को शिक्षा संबंधी नवाचारों की दी जानकारी

जन्मदिन समारोह के साथ ही बीआरसी रेखा गिरि स्वामी ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से अध्ययन करने, अनुशासन बनाए रखने तथा उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न गतिविधियों एवं नवाचारों से जुड़ना भी आवश्यक है।
तिथि नवाचार के माध्यम से अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों के साथ विशेष अवसर साझा करने से बच्चों में अपनत्व की भावना विकसित होने के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिल रही है। वन कन्या आश्रम में आयोजित यह कार्यक्रम छात्राओं के लिए भी यादगार रहा। इस दौरान आश्रम की छात्राएं एवं स्टाफ मौजूद रहे।

रिपोर्टर : मनीष झाबुआ 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.