ऑपरेशन मर्यादा के तहत झकनावदा पुलिस की सख्ती हुड़दंगियों में दिखा खौफ

झकनावदा (मनीष कुमट)। जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में झाबुआ पुलिस द्वारा महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा, सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन तथा आमजन के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित “ऑपरेशन मर्यादा” का असर अब जमीनी स्तर पर स्पष्ट दिखाई देने लगा है। अभियान के तहत पुलिस द्वारा असामाजिक गतिविधियों, हुड़दंग, खतरनाक वाहन संचालन एवं यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में झकनावदा पुलिस चौकी द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा के लिए विशेष वाहन चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा तेज रफ्तार, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, बिना आवश्यक दस्तावेज वाहन संचालन, मोटरसाइकिल पर तीन सवारी तथा संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस की सक्रियता के चलते सड़क पर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में भी सतर्कता बढ़ी है।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर

ऑपरेशन मर्यादा” का दायरा केवल सड़कों तक सीमित नहीं है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खतरनाक स्टंट, तेज रफ्तार ड्राइविंग, सड़क पर हुड़दंग अथवा अन्य असामाजिक गतिविधियों से संबंधित रील्स एवं वीडियो सामने आने पर पुलिस द्वारा उनकी निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को रोमांच के नाम पर सड़क पर खतरनाक स्टंट करने से रोकना और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना भी है।

महिला एवं छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस

झकनावदा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में पुलिस द्वारा महिलाओं, छात्राओं, बालक-बालिकाओं एवं विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज में जागरूकता पैदा करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।विद्यालयों, छात्रावासों, छात्राओं के आवागमन वाले क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार निगरानी और पेट्रोलिंग को बढ़ाया जा रहा है। स्कूल-कॉलेज की छुट्टी के समय तथा शाम एवं रात्रि के दौरान भी पुलिस की सक्रियता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्रवाई के साथ संवाद भी बनी पुलिस की रणनीति

चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह सिसोदिया द्वारा क्षेत्र के विभिन्न वर्गों से लगातार संवाद किया जा रहा है। पुलिस की ओर से युवाओं एवं विद्यार्थियों को समझाइश दी जा रही है कि सड़क पर स्टंट, तेज रफ्तार अथवा लापरवाही न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया जा रहा है कि “ऑपरेशन मर्यादा” का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार समाज का निर्माण करना भी है।

इन गतिविधियों पर विशेष नजर

खतरनाक स्टंट, तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई। महिलाओं एवं छात्राओं से छेड़छाड़, अभद्रता एवं असामाजिक गतिविधियों पर सख्ती। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई तथा अभिभावकों को जिम्मेदारी का एहसास कराना। मोटरसाइकिल पर तीन सवारी एवं बिना वैध दस्तावेज वाहन संचालन की जांच। संदिग्ध वाहनों एवं वाहन चालकों की प्रभावी चेकिंग। विद्यालय, महाविद्यालय, छात्रावास एवं छात्राओं के आवागमन वाले क्षेत्रों में निगरानी संवेदनशील एवं चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष पेट्रोलिंग। सोशल मीडिया पर खतरनाक ड्राइविंग एवं स्टंट से जुड़े वीडियो की निगरानी। स्कूल-कॉलेज की छुट्टी के समय तथा शाम-रात्रि में आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त चेकिंग। आमजन को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना।

पुलिस की सक्रियता से बढ़ा सुरक्षा का भरोसा

“ऑपरेशन मर्यादा” के तहत झकनावदा क्षेत्र में पुलिस की लगातार सक्रियता से आमजन में सुरक्षा को लेकर भरोसा मजबूत हो रहा है। पुलिस की नियमित निगरानी, वाहन चेकिंग, पेट्रोलिंग एवं जनसंवाद के चलते असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में झाबुआ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान कानून व्यवस्था के साथ-साथ महिला सुरक्षा, यातायात अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दे रहा है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, महिलाओं एवं छात्राओं से अभद्रता, खतरनाक स्टंट अथवा यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान को सफल बनाने में राजवीर सिंह जाट, राधेश्याम, बबलू पंचोली, कस्तूरी अलावा, दीपक अलावा, राजू मुवेल एवं गिरधारी सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान मिल रहा है। झकनावदा पुलिस द्वारा “ऑपरेशन मर्यादा” के तहत सुरक्षा, अनुशासन, कानून के प्रति सम्मान और जनजागरूकता की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही गई है।

रिपोर्टर - मनीष झाबुआ 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.