रक्तदान महायज्ञ में उमड़ा सेवाभाव, 121 यूनिट रक्तदान
झकनावदा : सेवा संकल्प अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी एवं अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झकनावदा में आयोजित रक्तदान शिविर में सेवाभाव का उत्साह देखने को मिला। शिविर में क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए कुल 121 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन में उम्मीद की किरण जगाने का संदेश दिया। शिविर में झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। कलेक्टर ने रक्तदान करने वाले सभी लोगों की सम्मान पत्र भेंट करते हुए समाज के अन्य लोगों को भी ऐसे सेवा कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
121 यूनिट रक्त संग्रह, युवाओं में दिखा उत्साह
रक्तदान शिविर में सुबह से ही रक्तदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। युवाओं के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक जांच एवं चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद रक्त संग्रह किया गया। शिविर में 121 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। आयोजकों ने बताया कि दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन, गंभीर बीमारी सहित विभिन्न चिकित्सकीय परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में रक्त की उपलब्धता मरीज एवं उसके परिजनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। इसी उद्देश्य से ‘रक्तदान कर्तव्यम्’ अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया।
‘एक यूनिट रक्त, किसी के जीवन की उम्मीद’
तेरापंथ युवक परिषद द्वारा ‘बी समवन्स रीजन टू लिव’ यानी किसी के जीने की वजह बनें की भावना के साथ रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। परिषद ने कहा कि रक्तदान केवल रक्त देने का कार्य नहीं, बल्कि किसी अनजान जरूरतमंद के जीवन को बचाने की दिशा में किया गया महत्वपूर्ण मानवीय प्रयास है।
सेवा कार्य में समाज की सहभागिता
शिविर के दौरान आयोजकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। भाजपा एवं तेरापंथ युवक परिषद के पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि 121 यूनिट रक्तदान क्षेत्रवासियों की सेवा भावना और सामाजिक सहभागिता का परिचायक है।
शिविर के माध्यम से युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ समाज में जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का संदेश दिया गया। आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों ने भविष्य में भी ऐसे सेवा एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
इनका रहा सराहनीय योगदान
शिविर में मुख्य रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र राठौड़, रक्त वीर परीक्षित सिंह राठौर, पूर्व सांसद प्रतिनिधि राजेश कांसवा,जिला चिकित्सा अधिकारी एम.एल.चौपड़ा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती रीतिका पाटीदार पेटलावद,ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर पेटलावद अंतिम सोलंकी,तहसीलदार ओम प्रकाश गोयल, डॉ.शोभित शुक्ला,पटवारी सहित स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : मनीष कुमट

No Previous Comments found.