राठौर ने कैबिनेट मंत्री भूरिया को सौंपा आवेदन, क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण की उठाई मांग
झकनावदा : क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर ठाकुर मनोहर सिंह राठौर सेमलिया ने मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया को आवेदन पत्र सौंपकर प्रमुख मांगों से अवगत कराया। आवेदन में किसानों, ग्रामीणों और मरीजों को हो रही परेशानियों का उल्लेख करते हुए शासन स्तर पर शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया।
आवेदन के माध्यम से मांग की गई कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए पेटलावद विधानसभा क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए माही नदी के पानी को काकड़पाड़ा, नाड़ातोड़ भूतखाली नाला तथा दूधी नदी में छुड़वाने के प्रयास किए जाएं, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिल सके और पशुओं के लिए भी पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।
झकनावदा में पेयजल संकट दूर करने की मांग
आवेदन में झकनावदा ग्राम पंचायत का विशेष उल्लेख करते हुए बताया गया कि यह क्षेत्र की बड़ी ग्राम पंचायतों में शामिल है और माही नदी से कुछ ही दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद झकनावदा के ग्रामीणों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में माही नदी का पानी झकनावदा तक पहुंचाकर ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की गई, जिससे लोगों को पानी की समस्या से राहत मिल सके।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस उपलब्ध कराने का आग्रह
ठाकुर मनोहर सिंह राठौर ने आवेदन में झकनावदा में संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां ग्रामीणों को उपचार का लाभ मिल रहा है, लेकिन गर्भवती महिलाओं और दुर्घटना में घायल मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर एंबुलेंस के अभाव में निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने मांग की कि स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर बेहतर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सके।
समस्याओं के शीघ्र निराकरण की अपेक्षा
आवेदन के माध्यम से क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई, सूखे की स्थिति तथा स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। ठाकुर मनोहर सिंह राठौर ने कैबिनेट मंत्री से आग्रह किया कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करवाई जाए, जिससे किसानों और ग्रामीणों को राहत मिल सके।
आवेदन दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को प्रस्तुत किया गया।
झकनावदा के साईं मंदिर परिसर में टीन शेड, पेयजल और सीसी मार्ग की मांग
झकनावदा नगर के साईं मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और परिसर के विकास को लेकर धर्मप्रेमी जनता एवं साईं मंदिर समिति ने प्रदेश की कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुश्री निर्मला भूरिया को आवेदन सौंपकर विभिन्न निर्माण कार्यों की मांग की है। आवेदन में बताया गया कि नगर के साईं मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भंडारे का आयोजन जनसहयोग से किया जाता है। इस दौरान श्रद्धालुओं को गुरु प्रसादी का वितरण भी किया जाता है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। बढ़ते विकास के बीच यह परिसर क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक धार्मिक स्थल है, जहां श्रद्धालु अपने परिवार के साथ आध्यात्मिक एवं प्राकृतिक वातावरण का अनुभव करते हैं। समिति ने बताया कि परिसर के विकास के लिए अब तक जनसहयोग से प्रयास किए गए हैं, लेकिन श्रद्धालुओं की सुविधाओं को देखते हुए कुछ आवश्यक व्यवस्थाएं किया जाना जरूरी है। इसी को लेकर मंत्री निर्मला भूरिया से टीन शेड निर्माण, पेयजल व्यवस्था, सीसी मार्ग निर्माण एवं परिसर के सौंदर्यीकरण में सहयोग प्रदान करने की मांग की गई है।
आवेदन में कहा गया कि टीन शेड बनने से धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से राहत मिलेगी। स्थायी पेयजल व्यवस्था होने से दर्शनार्थियों को सुविधा मिलेगी, वहीं सीसी मार्ग बनने से मंदिर परिसर तक पहुंचने में आसानी होगी। इन विकास कार्यों से परिसर की व्यवस्थाएं बेहतर होंगी और आमजन को इसका लाभ मिलेगा।
समिति ने विश्वास जताया कि जनहित एवं धार्मिक आस्था से जुड़े इन कार्यों के लिए मंत्री की ओर से आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। आवेदन के माध्यम से क्षेत्र के इस धार्मिक स्थल को सुविधायुक्त एवं व्यवस्थित बनाने की अपील की गई है।
रिपोर्टर : मनीष कुमट

No Previous Comments found.