34 वर्षों से अटूट परंपरा, झकनावदा में सार्वजनिक गरबा उत्सव भव्यता के साथ संपन्न

झाबुआ : नगर में स्थानीय बस स्टैंड के समीप छात्रावास परिसर में सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में वर्ष 1992 से निरंतर आयोजित हो रहा गरबा महोत्सव इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। शारदीय नवरात्रि के अंतिम दिन गरबा पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने मां दुर्गा की आराधना कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। 34 वर्षों से चली आ रही यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा आज भी नगर की आस्था और एकजुटता का प्रतीक बनी हुई है।

नौ दिनों तक रहा भक्तिमय वातावरण

नवरात्रि के नौ दिनों तक गरबा पंडाल में भक्तिमय वातावरण बना रहा। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और माता की भक्ति में लीन श्रद्धालुओं ने आयोजन को विशेष बना दिया। महिलाओं, युवतियों और युवाओं ने पारंपरिक परिधानों में गरबा खेलकर मां की आराधना की। अंतिम दिन देर रात तक उत्सव की रौनक बनी रही।

नन्हीं बालिकाओं और मातृशक्ति को किया पुरस्कृत

नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना में सहभागी रहने वाली नन्हीं बालिकाओं एवं मातृशक्ति को अतिथियों द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए। आयोजन के दौरान गांव की गणमान्य महिलाओं और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली नारी शक्ति का भी सम्मान किया गया। इनमें जनपद उपाध्यक्ष देवकुंवर पड़ियार, सोनू- अरविंद राठौड़, सरपंच रामीबाई मेड़ा,पूर्व गरबा मास्टर संतोषदेवी अग्रवाल तथा झकनावदा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में सेवारत चिकित्सक डॉ. मोनिका काग,चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह सिसोदिया सहित पुलिस विभाग, बैंक और अन्य क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित किया गया। बुलबुल- अर्पित वोहरा सहित अन्य नारी शक्ति का उनके संघर्ष, समर्पण और योगदान की कहानी के साथ सम्मान कर उनके कार्यों की सराहना की गई।

दानदाताओं और सहयोगकर्ताओं का जताया आभार

गरबा महोत्सव के पुरस्कारों के प्रायोजक ठा.परीक्षित सिंह जितेंद्र सिंह राठौर,मंडल अध्यक्ष जितेंद्र रतनलाल राठौड़,पूर्व सांसद प्रतिनिधि राजेश कुमार,चंदन कुमार, धनराज कासवा, नगर सेठ नरेंद्र कुमार- शोभागमल कोठारी तथा वरिष्ठ व्यापारी महेश धनराज हुकमीचंद भांगू परिवार रहे।महाप्रसादी के लाभार्थी वरिष्ठ समाज सेवी श्रेणिक कुमार, संजय कुमार एवं जसकरणजी कोठारी परिवार रहे। नवरात्रि के अंतिम दिन चाय व्यवस्था का लाभ पंकज एवं लक्ष्मण सुरेशजी राठौड़ ने लिया। वहीं महाआरती के लाभार्थी आर्यन कुमार- विजयजी मिस्त्री, शुभम जयंतीलालजी कोटड़िया एवं विनायक नारायणदासजी वैरागी रहे।

सेवाभावी कार्यकर्ताओं और प्रशासन का सम्मान

आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले गरबा मंडल के पूर्व मार्गदर्शक एवं कार्यकर्ता रणछोड़ लाल अग्रवाल, चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह सिसोदिया तथा सक्रिय सदस्य अलीराजपुर निवासी भूरालाल - गोवर्धनजी राठौड़ का सम्मान किया गया। समिति ने सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग देने वाले पुलिस स्टाफ, विद्युत मंडल, ग्राम पंचायत और सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। शारदीय नवरात्रि महापर्व के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सराहनीय सहयोग दिया। विद्युत विभाग ने भी आयोजन के दौरान आवश्यक सहयोग प्रदान किया, जिससे कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सका।

अध्यक्ष ने जताया सभी का आभार

समिति अध्यक्ष राजेंद्र कुमार मिस्त्री ने आयोजन को सफल बनाने में तन-मन-धन से सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, लाभार्थियों, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगरवासियों और सहयोगकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से ही 34 वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। इस आयोजन को सफल बनाने में आर्यन मिस्त्री,शुभम कोटड़िया,विनायक बैरागी,गोलू लौहार,हेमेन्द्र राठौड़ का विशेष योगदान रहा। का पूरे कार्यक्रम का संचालन हेमेंद्र कुमार जोशी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राजेश कासवा ने किया। कार्यक्रम के समापन पर समिति ने मां दुर्गा से नगर एवं क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। झकनावदा का यह गरबा महोत्सव एक बार फिर धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता, नारी शक्ति के सम्मान और सामूहिक सहभागिता का संदेश देकर संपन्न हुआ।

रावण आयोजक समिति का किया सम्मान

वही नगर के बजरंग दल ने दशहरा महोत्सव के पावन अवसर पर मधुकन्या नदी के तट पर शस्त्र पूजा की। बाद रात्रि में महाकाल मित्र मंडल झकनावदा के तत्वाधान में विगत कई वर्षों से रावण का पुतला बनाकर दहन किया जा रहा है। उसी कड़ी में सार्वजनिक नवदुर्गा समिति के सदस्यों ने रावण दहन समिति के सदस्यों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। एवं उन्हें निरंतर इस परंपरा को जीवित रखने की शुभकामनाएं दी।

रिपोर्टर : मनीष कुमट

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.