राज्य स्तरीय मोगली उत्सव में पीएम श्री विद्यालय झकनावदा के विद्यार्थियों ने बढ़ाया जिले का मान

झकनावदा : प्रतिभा, लगन और मेहनत के बल पर पश्चिमी वनांचल झाबुआ जिले के साथ साथ झकनावदा के विद्यार्थी भी प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। इसी का गौरवपूर्ण उदाहरण पीएम श्री शासकीय विद्यालय झकनावदा के छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किया है। राज्य स्तरीय मोगली परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के विद्यार्थियों ने तृतीय स्थान प्राप्त कर न केवल विद्यालय, बल्कि झाबुआ जिले का नाम भी गौरवान्वित किया है।राज्य स्तरीय मोगली उत्सव में सहभागिता के लिए चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस उपलब्धि के बाद विद्यार्थियों को शिवनी  के जंगलों में तीन दिवसीय शैक्षणिक एवं प्राकृतिक भ्रमण का अवसर प्राप्त हुआ। इस दौरान बच्चों ने जंगल की प्राकृतिक सुंदरता, वन संपदा, विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधों, वन्यजीवों तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। विद्यार्थियों ने प्रकृति को नजदीक से देखा और वन्यजीवों के रहन-सहन, जंगल के पारिस्थितिकी तंत्र तथा जैव विविधता को समझने का प्रयास किया।

तीन दिवसीय भ्रमण कर सिखा बहुत कुछ

तीन दिवसीय भ्रमण विद्यार्थियों के लिए केवल पर्यटन नहीं, बल्कि सीखने और अनुभव प्राप्त करने का एक अनूठा अवसर साबित हुआ। पुस्तकों में पढ़ी गई पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी जानकारियों को प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का मौका मिला। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान में वृद्धि के साथ-साथ प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण की भावना को भी आत्मसात किया।

विद्यालय पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

शिवनी के जंगलों से तीन दिवसीय भ्रमण पूर्ण कर लौटने पर पीएम श्री विद्यालय झकनावदा में विद्यार्थियों का आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। विद्यालय केशिक्षक - शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने करतल ध्वनि के साथ उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को तिलक लगाकर एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

विद्यार्थियों ने साझा किए जंगल भ्रमण के अनुभव

स्वागत कार्यक्रम के दौरान भ्रमण से लौटे छात्र-छात्राओं ने अपने तीन दिवसीय अनुभव सभी के साथ साझा किए। विद्यार्थियों ने बताया कि शिवनी के जंगलों में उन्हें प्रकृति को करीब से देखने, विभिन्न वनस्पतियों एवं वन्यजीवों के बारे में जानने तथा पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझने का अवसर मिला। उन्होंने अपने भ्रमण के दौरान देखी गई गतिविधियों और प्राप्त जानकारियों को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। अन्य विद्यार्थियों ने भी उनके अनुभवों को उत्सुकता के साथ सुना।

ग्रामीण अंचल की प्रतिभा ने प्रदेश स्तर पर बनाई पहचान

पीएम श्री विद्यालय झकनावदा के अंजली मेड़ा, अन्वेष परमार,निलेश भूरिया,धापू बिलवाल विद्यार्थियों की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि उचित मार्गदर्शन, मेहनत और सीखने की ललक से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। राज्य स्तरीय मोगली परीक्षा में तृतीय स्थान प्राप्त करना विद्यालय के लिए गौरव की बात है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ प्रकृति, पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देगी। इसके साथ ही इसके साथ ही झाबुआ जिले के चारो छात्र छात्राएं झाबुआ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे इसके साथ ही मार्गदर्शी शिक्षक के रूप में श्रीमती शशि कला त्रिवेदी ने भी चारों छात्र छात्राओं को शुभकामनाएं दी। इस दौरान संकुल प्राचार्य रमेश कुमार चौरसिया,शिक्षक हेमेन्द्र जोशी, श्रीकांत यादव,शत्रुघ्न मालवीय, ओंकार चोयल,दीपिका चौहान,लक्ष्मी चौधरी,दिनेश बघैल,कैलाश कटारा सहित पूरा स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : मनीष कुमट

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.