70 बैग सुदाना एवं सुपर सुदाना की पहली खेप से पशुपालकों को मिलेगी सुविधा
झकनावदा : सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और किसानों एवं पशुपालकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था मर्यादित झकनावदा ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है। सहकारिता विभाग की महत्वाकांक्षी योजना ‘सहकार से समृद्धि’ के अंतर्गत संस्था परिसर में पशु आहार (सुदाना) विक्रय केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस पहल के साथ ही झकनावदा सहकारी संस्था को मध्यप्रदेश में पशु आहार वितरण करने वाली पहली संस्था बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संस्था के प्रस्ताव एवं ठहराव पत्र के आधार पर इंदौर दुग्ध संघ के महाप्रबंधक (क्षेत्र संचालन) एवं महाप्रबंधक (पशु आहार संयंत्र) के सहयोग तथा दुग्ध शीत केंद्र पेटलावद के प्रबंधक कनेस के समन्वय से यह व्यवस्था मूर्तरूप ले सकी। संस्था के प्रशासक सोलंकी एवं प्रबंधक हरिराम पडियार के विशेष सहयोग से पशु आहार विक्रय केंद्र की स्थापना की गई। केंद्र का शुभारंभ सहकारिता विभाग झाबुआ के उपयुक्त अधिकारी श्री कनेसजी एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित झाबुआ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री खान साहब द्वारा विधिवत किया गया। इस अवसर पर सहकारी संस्था के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
70 बैग पशु आहार की पहली खेप पहुंची
इंदौर दुग्ध संघ के दुग्ध शीत केंद्र पेटलावद के माध्यम से संस्था को प्रारंभिक रूप से 40 बैग सुदाना एवं 30 बैग सुपर सुदाना उपलब्ध कराए गए। इस प्रकार कुल 70 बैग पशु आहार की पहली खेप के साथ पंजीकृत किसानों एवं पशुपालकों को पशु आहार वितरण का शुभारंभ किया गया।
पशुपालकों को मिलेगी स्थानीय स्तर पर सुविधा
अब क्षेत्र के पंजीकृत किसानों एवं पशुपालकों को पशुओं के लिए गुणवत्तापूर्ण आहार प्राप्त करने हेतु अन्य स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सहकारी संस्था के माध्यम से पशु आहार उपलब्ध होने से समय एवं परिवहन की बचत होगी तथा दुग्ध उत्पादन से जुड़े पशुपालकों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
नई व्यवस्था के प्रारंभ होते ही क्षेत्र के किसानों एवं पशुपालकों में हर्ष
इस नई व्यवस्था के प्रारंभ होते ही क्षेत्र के किसानों एवं पशुपालकों में हर्ष का वातावरण दिखाई दिया। सहकारिता की भावना को धरातल पर उतारने वाली यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में पशुपालन एवं दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ सहकारी संस्थाओं की उपयोगिता को भी नई पहचान प्रदान करेगी।
झकनावदा सहकारी संस्था की यह उपलब्धि क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। निश्चित रूप से ‘सहकार से समृद्धि’ का यह प्रयास आने वाले समय में किसानों की आर्थिक उन्नति और ग्रामीण विकास की दिशा में एक सार्थक कदम सिद्ध हो सकता है।
रिपोर्टर : मनीष कुमट

No Previous Comments found.