जैन साधु-साध्वी भगवंतों के विहार में सुरक्षा और सेवा का संकल्प लें समाजजन - डॉ बाफना
झाबुआ : जैन धर्म में साधु-साध्वी भगवंतों का विहार धर्म आराधना और संयममय जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। साधु-साध्वी भगवंत जब एक स्थान से दूसरे स्थान तक पैदल विहार करते हैं, तब कई बार उन्हें व्यस्त सड़कों, तेज रफ्तार वाहनों और यातायात की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इस को मद्देनजर रखते हुए आल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसियन (आईजा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हार्दिकजी हूंडिया,प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर श्री प्रदीपजी बाफना एवं मध्यप्रदेश मानवसेवा चेयरमैन मनीष कुमट ने संपूर्ण जैन समाज से अपील करते हुए कहा कि जैन संत हमारी अमूल धरोहर है ऐसे में उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को विहार सेवा के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने की आवश्यकता है।
समाजजन आगे आकर करें सहयोग
राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक हूंडिया ने समाजजनों एवं युवाओं से अपील है कि जब भी साधु-साध्वी भगवंतों का विहार हो, तो उनकी सुरक्षा के लिए आगे आकर सहयोग करें। विहार के दौरान आगे-पीछे सुरक्षा व्यवस्था बनाने, वाहन चालकों को सावधान करने, यातायात की स्थिति पर नजर रखने तथाआवश्यकतानुसार सुरक्षित मार्ग में सहयोग प्रदान करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके। विहार सेवा केवल धार्मिक भावना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संयम साधना में लीन गुरु भगवंतों के प्रति हमारी श्रद्धा, कर्तव्य और मानवीय जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। समय पर मिलने वाला समाज का सहयोग संतों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक सुरक्षित पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। वही प्रदेश अध्यक्ष डॉ.प्रदीप बाफना ने कहां की विशेषकर युवाओं को इस सेवा में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। विहार की जानकारी मिलने पर स्थानीय समाज, जैन युवा मंडल एवं सेवा भावी श्रावकों को आपसी समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करना चाहिए। साथ ही यातायात नियमों का पालन करते हुए संतों की गरिमा, मर्यादा और विहार की परंपराओं का पूरा ध्यान रखना चाहिए।
आइए, संकल्प लें कि जब भी हमारे क्षेत्र में जैन साधु-साध्वी भगवंतों का विहार हो, हम अपनी सामर्थ्य के अनुसार विहार सेवा में सहभागी बनेंगे। क्योंकि गुरु भगवंतों की सुरक्षित विहार सेवा करना केवल पुण्य का कार्य ही नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक और धार्मिक जिम्मेदारी भी है।
रिपोर्टर : मनीष कुमुट

No Previous Comments found.