अल्प वर्षा के चलते प्रशासन सख्त, निस्तारी तालाब से अवैध रूप से पानी खींचने पर कार्रवाई

झकनावदा :  झाबुआ जिले में अल्प वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए जल संरक्षण एवं आमजन के निस्तार की सुविधा बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा जिले के तालाबों से मोटर लगाकर पानी निकालने पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन के आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अब मैदानी स्तर पर कार्रवाई भी शुरू हो गई है। इसी क्रम में सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कुंभाखेड़ी के अंतर्गत ग्राम ताम्बेलिया स्थित निस्तारी तालाब में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी होने के बावजूद मोटर चलाकर पानी निकालने का मामला सामने आया। इसकी जानकारी मिलने पर उप तहसील झकनावदा के नायब तहसीलदार ओमप्रकाश गोयल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित किसान को बुलवाकर समझाइश दी।

पटवारी ने मौके पर जाकर मोटर पाईप हटवाए

नायब तहसीलदार गोयल के मार्गदर्शन में पटवारी एवं चौकीदार मौके पर पहुंचे और किसान से तालाब में लगाई गई मोटर, पाइप एवं केबल हटवाए गए।  वही ग्राम पंचायत तारखेड़ी के ग्राम गड़वाखेड़ी गांव स्थित तालाब (जूना तालाब) से भी शुक्रवार सुबह मोटर पाईप लाईन हटवाई गई। साथ ही स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा इस प्रकार प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन किया गया तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की सख्ती से अन्य लोगों को भी मिलेगा संदेश

अल्प वर्षा के चलते जलस्रोतों में उपलब्ध पानी का संरक्षण करना बेहद आवश्यक है। निस्तारी तालाब ग्रामीणों एवं पशुओं की दैनिक जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में किसी एक व्यक्ति द्वारा मोटर लगाकर पानी निकालने से अन्य ग्रामीणों के हित प्रभावित हो सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जलस्रोतों के संरक्षण और प्रतिबंधात्मक आदेशों के पालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों को भी संदेश मिला है कि प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी करना भारी पड़ सकता है। जल संरक्षण के लिए सभी ग्रामीणों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

रिपोर्टर : मनीष कुमट

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.