छात्रावासों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
झालावाड़ - सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित राजकीय एवं अनुदानित विद्यालय स्तरीय छात्रावासों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। आमजन एवं विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से संपादित की जाएगी। विभाग के उप निदेशक रामनिवास यादव ने बताया कि छात्रावासों में नवीन प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों से 27 मार्च 2026 से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। अभ्यर्थी अपने आवेदन राज्य सरकार के एकीकृत पोर्टल एसएसओ के माध्यम से एसजेएमएस पोर्टल पर जाकर प्रस्तुत कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की प्रथम वरीयता सूची (मेरिट लिस्ट) दिनांक 10 अप्रैल 2026 को जारी की जाएगी। मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित समयावधि में आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। पूर्व में छात्रावास में निवासरत विद्यार्थियों के लिए भी प्रक्रिया निर्धारित की गई है। ऐसे विद्यार्थी अपनी गत वर्ष की अंकतालिका एवं प्रार्थना पत्र संबंधित छात्रावास अधीक्षक को प्रस्तुत करेंगे, जिसके आधार पर अधीक्षक द्वारा पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि कर नियमानुसार पुनः प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि छात्रावास प्रवेश से संबंधित सभी दिशा-निर्देश, पात्रता शर्तें एवं अन्य आवश्यक जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अतः इच्छुक विद्यार्थी एवं अभिभावक समय रहते आवेदन कर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
रिपोर्टर - रमेश चन्द्र शर्मा

No Previous Comments found.