ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था और एमएसपी गेहूं खरीद को लेकर दिशा निर्देश
झालावाड़ - राजस्व अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में शुक्रवार को मिनी सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी राजस्व प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए, जिससे आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निपटाया जाए तथा राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप राजस्व सेवाओं में सुधार सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में DLIRMP योजना के अंतर्गत सर्वे एवं रिसर्वे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही गैर खातेदारान के धारा 14 (4) के प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। राजस्व,रोड़ा,पीडीआर एवं एलआर एक्ट के अंतर्गत वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने वसूली कार्यों में गति लाने तथा लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑनलाईन नामांतरण, सीमाज्ञान एवं सहमति के विभाजन से संबंधित प्रकरणों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। जिला स्तरीय जनसुनवाई,संपर्क पोर्टल एवं पीजी पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण किया जाए। राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए। भूमि रूपांतरण के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि सभी प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निपटारा किया जाए। प्रारंभिक जांच एवं 16 एवं 17 सीसीए विभागीय जांचों के लंबित प्रकरणों पर भी गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में टेलीकॉम टावर (रो-पोर्टल) के लंबित प्रकरणों एवं डीएलटीसी टेलीकॉम इन्फ्रास्ट्रक्चर से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित अनुमोदनों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे संचार सुविधाओं का विस्तार हो सके। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों को भूमि आवंटन एवं पट्टे जारी करने, रिकॉर्ड जमा कराने सहित अन्य प्रशासनिक विषयों पर भी चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। फार्मर रजिस्ट्री के लक्ष्यों को शत प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही तहसीलदार को पीएम किसान सम्मान योजना व पी एम आवास योजना के तहत लम्बित प्रकरणों की सूची प्रदान करने के निर्देश दिए।
बैठक में विशेष रूप से पेयजल आपूर्ति, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद तथा एलपीजी एवं पेट्रोल की सुचारू आपूर्ति व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई। ग्रीष्म काल में पेयजल आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, उपखण्ड अधिकारी भवानीमंडी श्रद्धा गोमे,उपखण्ड अधिकारी झालावाड़ अभिषेक चारण सहित समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार एवं राजस्व कार्मिक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - रमेश चन्द्र शर्मा

No Previous Comments found.