फ्लैगशिप योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, रैंकिंग सुधारने पर फोकस

झालावाड़ : जिले में आमजन को उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सेवाओं की गुणवत्ता, सुचारू संचालन एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में सोमवार को मिनी सचिवालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सेवाओं एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए आमजन को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यालय भवनों के रखरखाव व खरीद केंद्रों पर सुविधाओं पर जोर

जिला कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय भवनों का नियमित निरीक्षण करने, छतों पर जलभराव व गंदगी नहीं होने, दीवारों पर पेड़-पौधे नहीं उगने तथा भवनों के जर्जर नहीं होने की सुनिश्चितता करने के निर्देश दिए। इन बिंदुओं पर एनओसी तैयार कर प्रस्तुत करने को भी कहा गया।
इसके अतिरिक्त, खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

फ्लैगशिप योजनाओं में प्रगति बढ़ाने एवं रैंकिंग सुधारने के निर्देश

बैठक में जिला कलेक्टर ने विभागवार फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश स्तर से जारी रैंकिंग में जिले की स्थिति सुधारने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में जिला पिछड़ रहा है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शीघ्र पूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रत्येक विभाग को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए बाधाओं की पहचान कर उनका त्वरित निराकरण करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।

बजट घोषणाओं व निर्माण कार्यों की सख्त मॉनिटरिंग

जिला कलेक्टर ने बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बजट घोषणाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने, नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने एवं किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

गर्मी में पेयजल, चिकित्सा एवं बिजली व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश

गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए जिला कलेक्टर ने पेयजल विभाग को जिले में सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता अनुसार टैंकरों से जल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को चिकित्सा सुविधाएं सुदृढ़ रखने एवं गर्मीजनित बीमारियों की रोकथाम हेतु प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।
जेवीवीएनएल अधिकारियों को अंधड़-तूफान के कारण होने वाली बिजली कटौती की स्थिति में त्वरित सुधार कर आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, उप वन संरक्षक सागर पंवार, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : रमेश चन्द्र शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.