गर्मी के प्रकोप को देखते हुए 15 अक्टूबर तक प्रातःकालीन समय में ही संचालित हों विद्यालय
झालावाड़ - राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील) ने निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, बीकानेर से मांग की है कि प्रदेश के एकल पारी विद्यालयों का संचालन समय 15 अक्टूबर 2026 तक प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ही रखा जाए। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष बना राम चौधरी ने बताया कि वर्तमान में विद्यालयों का समय प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक है, जबकि विभाग द्वारा 1 अक्टूबर से विद्यालयों का समय प्रातः 9:30 बजे से सायं 4:00 बजे तक किए जाने का निर्णय है। वर्तमान मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए यह समय विद्यार्थियों के लिए असुविधाजनक हो सकता है, उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में अभी भी गर्मी का प्रभाव बना हुआ है। दोपहर के समय तापमान अधिक रहने से विद्यालयों में पेयजल की उपलब्धता एवं विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से संबंधित समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को दोपहर बाद तेज गर्मी में घर लौटना पड़ेगा, जिससे उनकी नियमित उपस्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
संगठन के प्रदेश महामंत्री चन्दन चतुर्वेदी ने बताया कि विद्यालय समय निर्धारण में केवल प्रशासनिक सुविधा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, उपस्थिति एवं शैक्षणिक हितों को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए। प्रदेश उपाध्यक्ष मुश्ताक अहमद संयुक्त सचिव अमित अग्रवाल , जिलाध्यक्ष हरिसिंह गुर्जर , कार्यकारी जिलाध्यक्ष भारत भूषण मीणा , देवीसिंह मीणा , कालूलाल शर्मा आदि ने कहा कि मौसम में अपेक्षित राहत आने तक प्रातःकालीन समय को जारी रखना विद्यार्थियों और अभिभावकों के हित में होगा। राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील) ने निदेशक माध्यमिक शिक्षा से आग्रह किया है कि 1 अक्टूबर से प्रस्तावित समय परिवर्तन को 15 अक्टूबर तक स्थगित करते हुए वर्तमान प्रातःकालीन समय 7:30 बजे से 1:00 बजे तक ही जारी रखने के आदेश जारी किए जाएं, यही शिक्षा हित में होगा।
रिपोर्टर - रमेश चंद्र शर्मा

No Previous Comments found.