गरोठ पुलिस की अवैध मादक पदार्थ तस्करों पर बड़ी कार्रवाई
गरोठ मंदसौर : पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत गरोठ थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्राली से भारी मात्रा में अवैध डोडाचुरा जब्त किया है। मामले में कार्रवाई करते हुए एक विधि विरुद्ध बालक को पुलिस संरक्षण में लिया गया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
मुखबर की सूचना पर गोपालपुरा तालाब की पाल पर नाकाबंदी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ राम स्नेही मिश्रा एवं SDOP गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक बलवीरसिंह यादव व सउनि जसराजसिंह चंदेल की टीम को 29 सितंबर 2026 को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिली थी कि आरोपी गोविंद पिता विष्णु (निवासी नागीया बुजुर्ग) अपने साथी के साथ बिना नंबर के पॉवर ट्रैक ट्रैक्टर-ट्राली में अवैध डोडाचुरा भरकर मोलाखेड़ी की तरफ से बर्डीया अमरा की ओर जाने वाला है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने ग्राम गोपालपुरा तालाब की पाल पर तत्काल नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्राली को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 9 काले रंग के प्लास्टिक के कट्टों में कुल 221 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचुरा बरामद किया गया। 8 लाख का ट्रैक्टर और डोडाचुरा सहित कुल मशरुका जब्त कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक गोविंद पिता विष्णु मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा,जबकि ट्राली में मौजूद एक विधि विरुद्ध बालक को पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया।
अवैध डोडाचुरा: 221 किलोग्राम (कीमत लगभग ₹4,42,000) वाहन: बिना नंबर का पॉवर ट्रैक ट्रैक्टर मय ट्राली (कीमत लगभग ₹8,00,000) अन्य: 2 मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹20,000) कुल मिलाकर करीब ₹12,62,000 का मशरुका जब्त किया है। NDPS एक्ट में मामला दर्ज,जांच जारी गरोठ पुलिस ने फरार आरोपी गोविंद पिता विष्णु तथा पकड़े गए विधि विरुद्ध बालक के खिलाफ थाना गरोठ पर अपराध क्रमांक 394/2026 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है तथा मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि बलवीरसिंह यादव, सउनि जसराजसिंह चंदेल तथा उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रिपोर्टर - रमेश चंद्र शर्मा

No Previous Comments found.