ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए उम्मीदवारों में दिलचस्प मुकाबला
झालावाड़ - बकानी ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए उम्मीदवारों में दिलचस्प मुकाबला नजर आ रहा है। सरपंच प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक रखी है। बकानी शहर पूरा होल्डिंग से भरा हुआ है। झालावाड़ जिले की हॉट सीट मानी जा रही बकानी ग्राम पंचायत में सरपंच पद का मुकाबला बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुका है। ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित इस सीट पर दावेदारों ने गांव की चौपाल से लेकर सोशल मीडिया तक अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। 30 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए अब गिने चुने दिन बचे हैं, जिससे कस्बे की सियासी हलचल चरम पर पहुंच चुकी है। वर्तमान में चुनावी मैदान में सरपंच प्रत्याशी हेमराज राठौर, हेमराज कुशवाह (रिंकू) मोहनलाल कारपेंटर,प्रकाश कुशवाह,विनोद कुशवाह,वैभव नामदेव चुनावी मैदान में नजर आ रहे हैं। दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर एवं त्रिकोणीय मुकाबले के आसार-इस बार बकानी ग्राम पंचायत में विकास, स्थानीय मुद्दे और युवाओं को रोजगार जैसे वादों के साथ प्रत्याशी मैदान में उतरे हुए हैं। स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार मुख्य मुकाबला दो पारंपरिक प्रतिद्वंदियों के बीच माना जा रहा था, लेकिन कुछ निर्दलीय और युवा उम्मीदवारों की एंट्री ने समीकरणों को पूरी तरह ऊलझा दिया है। अब यह मुकाबला त्रिकोणीय और बेहद कड़ा मुकाबला हो गया है। सरपंच प्रत्याशीयों का कहना है कि कस्बे का आधुनिक विकास करना हमारा मुख्य लक्ष्य है, तथा सड़कों का सुदृढ़ीकरण, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करना हमारी पहली प्राथमिकता रहेगी। प्रत्याशियों का कहना है कि पेयजल संकट का स्थाई समाधान किया जाएगा। गर्मी के दिनों में होने वाले पानी की किल्लत को दूर करना हमारा लक्ष्य रहेगा। कस्बे की नियमित रूप से साफ सफाई और सुशासन तथा पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी कामकाज किए जाएंगे।
रिपोर्टर - रमेश चंद्र शर्मा

No Previous Comments found.