सेंसर आधारित मॉडल का प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम किया रोशन

बकानी - विद्या भारती द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय शैक्षिक प्रतियोगिताओं के अंतर्गत क्षेत्रीय विज्ञान मेला ब्यावर,अजमेर में आयोजित किया गया। मेले में विद्या भारती के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा,नवाचार एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में स्वामी श्री रामेश्वर आश्रम आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय, बकानी के प्रतिभाशाली छात्र पुलकित आलिया पुत्र श्री यशवंत कुमार आलिया ने सेंसर आधारित विज्ञान मॉडल प्रस्तुत करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। छात्र की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित बकानी क्षेत्र में हर्ष एवं गौरव का माहौल है।

पुलकित द्वारा तैयार किए गए सेंसर आधारित मॉडल में आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक अवधारणाओं का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। मॉडल के माध्यम से छात्र ने अपनी वैज्ञानिक सोच,प्रयोगात्मक ज्ञान तथा नवाचार की क्षमता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उसने यह उपलब्धि हासिल की और विद्यालय के साथ-साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर क्षेत्र द्वारा भैया को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य भारत कुमार शर्मा, आचार्यगण एवं प्रबंध समिति ने छात्र पुलकित आलिया को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियाँ अन्य विद्यार्थियों को विज्ञान एवं तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

विद्यालय परिवार ने छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि पुलकित भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र को गौरवान्वित करेगा। यह जानकारी विज्ञान मेला प्रभारी दिलीप कुमार कारपेंटर ने दी। उन्होंने छात्र की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे भैया की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं विद्यालय के शैक्षिक वातावरण का परिणाम बताया।

रिपोर्टर - रमेश चंद्र शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.