श्री चंद्रभागा कार्तिक पशु मेला-2026: तीन दिन तक संस्कृति, कला, खेल और भक्ति का दिखेगा भव्य संगम

झालावाड़ : झालरापाटन में आगामी 20 से 28 नवम्बर तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक श्री चंद्रभागा कार्तिक पशु मेला-2026 को भव्य, आकर्षक एवं जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने के लिए 23 से 25 नवम्बर तक तीन दिवसीय विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मेले के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ पशु प्रतियोगिताएं, खेलकूद गतिविधियां, महिलाओं के लिए विशेष प्रतियोगिताएं, पर्यटन एवं विरासत भ्रमण, किसान सम्मान से जुड़ा कार्यक्रम तथा लोक संगीत और भजन संध्या का आयोजन होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इन आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, हाड़ौती की लोक परंपराओं, स्थानीय प्रतिभाओं और ग्रामीण जीवन की जीवंत झलक देखने को मिलेगी।
भव्य शोभायात्रा, महाआरती एवं सामूहिक दीपदान 23 नवम्बर को 
मेले के दौरान 23 नवम्बर को दोपहर 3.30 बजे द्वारकाधीश मंदिर से चंद्रभागा नदी तट, झालरापाटन तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के माध्यम से मेले की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का आकर्षक स्वरूप देखने को मिलेगा। इसके पश्चात सायं 5.30 बजे चंद्रभागा नदी तट पर महाआरती एवं सामूहिक दीपदान का आयोजन किया जाएगा। 
वहीं सायं 7.30 बजे मेला ग्राउंड स्थित रंगमंच पर ‘एक शाम हाड़ौती के नाम’ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें हाड़ौती क्षेत्र के ख्यातनाम राजस्थानी लोक कलाकारों द्वारा लोक संस्कृति, परंपराओं एवं लोक संगीत पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 
24 नवम्बर को पर्यटन, महिला सहभागिता, पशु एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं की रहेगी धूम
दूसरे दिन मंगलवार, 24 नवम्बर को प्रातः 8.30 बजे राज्य पुरातत्व विभाग की ओर से राजकीय संग्रहालय का भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात प्रातः 9 बजे शिक्षा विभाग के सहयोग से महिलाओं के लिए ‘स्कूटी रैली’ आयोजित की जाएगी। ‘क्लीन झालावाड़, ग्रीन झालावाड़’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम का आयोजन गढ़ पैलेस, झालावाड़ से गागरोन फोर्ट तक किया जाएगा। वहीं प्रातः 11 बजे मेला ग्राउंड, झालरापाटन में पशुपालन विभाग द्वारा पशु प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही इसी दिन दोपहर 2 से सायं 4 बजे तक मेला ग्राउंड में मूंछ प्रतियोगिता, साफा बंधन, रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। सायं 4 बजे कृषि विभाग की ओर से ‘झालावाड़ किसान शिरोमणि’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात सायं 4.30 बजे चिकित्सा विभाग द्वारा ‘स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता’ (हैल्दी बेबी शो) आयोजित की जाएगी।
दिनभर के आयोजनों के क्रम में इसी दिन सायं 7 बजे मेला ग्राउंड स्थित रंगमंच पर ‘रंगीलो झालावाड़’ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें स्थानीय प्रतिभाओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 
25 नवम्बर को खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ गूंजेंगे लोकभजन
मेले के दौरान 25 नवम्बर को प्रातः 11 बजे मेला ग्राउंड, झालरापाटन में रस्साकशी, सत्तोलिया, म्यूजिकल चेयर रेस एवं स्लो साइकिल रेस जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। म्यूजिकल चेयर रेस एवं स्लो साइकिल रेस प्रतियोगिताएं विशेष रूप से महिलाओं के लिए आयोजित की जाएंगी। 
इसी दिन प्रातः 11 बजे पशुपालन विभाग द्वारा पशु प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। वहीं प्रातः 11.30 बजे राज्य होटल प्रबंध संस्थान, पीटीएस मार्ग, झालरापाटन में ‘झालावाड़ मास्टर शेफ कुकिंग प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी। 
 
वहीं सायं 7.30 बजे मेला ग्राउंड स्थित रंगमंच पर प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा द्वारा भव्य भजन संध्या आयोजन कर भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। भक्ति संगीत से सजी यह संध्या अंतिम दिन का विशेष आकर्षण रहेगी।
चन्द्रभागा मेले के पोस्टर का किया विमोचन 
आगामी 23 से 25 नवम्बर तक चन्द्रभागा मेला 2026 के दौरान जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के तत्वावधान में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के पोस्टर का विमोचन सोमवार को मिनी सचिवालय के सभागार में किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचन्द्र खटीक, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भूदयाल मीणा, मेले की नोडल अधिकारी व उपखण्ड अधिकारी झालावाड़ सोनू कुमारी, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. चम्पालाल मीणा, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक सिराज कुरैशी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। 
रिपोर्टर : रमेश चंद्र शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.