कोटा के विकास का त्रिनेत्र मॉडल: तीन वार्डों से बनेगा स्मार्ट सिटी का नया स्वरूप

महापौर अनुसुइया गोस्वामी के जन्मदिवस पर विशेष सुझाव, वार्ड 98, 99 और 100 को मॉडल स्मार्ट वार्ड बनाने का संकल्प बने पूरे शहर के विकास की नई राह डॉ. नयन प्रकाश गांधी पूर्व सलाहकार, ग्रामीण विकास, राजस्थान सरकार पब्लिक पॉलिसी एक्सपर्ट, मैनेजमेंट विश्लेषक एवं स्वतंत्र मीडिया स्तंभकार कहते हैं कि जहां स्वच्छता होती है, वहीं लक्ष्मी का निवास होता है। किसी शहर की पहचान केवल चौड़ी सड़कों, ऊंची इमारतों और खूबसूरत चौराहों से नहीं, बल्कि साफ-सुथरे मोहल्लों, व्यवस्थित बाजारों, बेहतर नागरिक सुविधाओं और जवाबदेह प्रशासन से बनती है। इसी दृष्टि से कोटा के सामने आज एक ऐसा अवसर है, जो शहर के भविष्य को नई दिशा दे सकता है।

महापौर बनने के बाद अनुसुइया गोस्वामी के पहले जन्मदिवस पर शहरवासियों की ओर से एक अनूठा सुझाव दिया जा सकता है। क्यों न वे अपने जन्मदिवस पर वार्ड 98, 99 और 100 को मॉडल स्मार्ट वार्ड के रूप में विकसित करने का संकल्प लें? इन तीन वार्डों को महापौर के विकास के त्रिनेत्र मॉडल के रूप में स्थापित किया जा सकता है।

इस प्रस्ताव के पीछे केवल स्वच्छता का विचार नहीं, बल्कि एक व्यावहारिक प्रशासनिक रणनीति भी है। तीनों वार्ड आपस में जुड़े और निकटवर्ती हैं। वार्ड 98 से स्वयं महापौर पार्षद निर्वाचित हुई हैं। आसपास के वार्डों में भी सक्रिय युवा पार्षदों की सहभागिता इस पहल को मजबूती दे सकती है। ऐसे में इन तीन वार्डों को विकास की साझा प्रयोगशाला बनाना एक बेहतर शुरुआत हो सकती है।

तीन वार्ड, पांच सूत्र और पूरे शहर के विकास का मॉडल

कोटा में स्वच्छता और शहरी विकास के लिए समय-समय पर अनेक अभियान चलाए गए हैं, लेकिन वास्तविक सफलता तभी मिलेगी, जब योजनाओं का लाभ धरातल पर आम नागरिकों तक पहुंचे। पूरे शहर को एक साथ बदलने की बड़ी घोषणाओं के बजाय तीन वार्डों में एक व्यवस्थित पायलट प्रोजेक्ट शुरू करना अधिक व्यावहारिक कदम होगा। वार्ड 98, 99 और 100 में पांच प्रमुख बिंदुओं पर काम किया जा सकता है। पहला, शत-प्रतिशत घर-घर कचरा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण तथा वैज्ञानिक निस्तारण। दूसरा, सड़कों, नालियों, स्ट्रीट लाइट और जनसुलभ पार्किंग की व्यवस्थित व्यवस्था।

तीसरा, हरित पट्टियों, छोटे पार्कों का विकास और प्लास्टिक मुक्त मोहल्लों का निर्माण। चौथा, डिजिटल शिकायत प्रणाली, क्यूआर कोड आधारित निगरानी और सार्वजनिक प्रगति डैशबोर्ड की शुरुआत। पांचवां, नगर निगम की स्मार्ट लाइब्रेरी, वाई-फाई, डिजिटल सुविधा केंद्र, तकनीकी सहायता केंद्र और आवश्यकता के अनुसार कॉलोनी सुरक्षा गेट जैसी नागरिक सुविधाओं का विकास।

इसके साथ ही रीयूज, रिड्यूस, रिसाइकल और रिनोवेट यानी कचरे से उपयोगी वस्तुएं बनाने की अवधारणा को बढ़ावा दिया जाए। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

घोषणा नहीं, समयबद्ध कार्ययोजना बने पहचान

इस मॉडल को सफल बनाने के लिए एक स्पष्ट समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए। पहले 30 दिनों में तीनों वार्डों का आधारभूत सर्वेक्षण कर समस्याओं और आवश्यकताओं की पहचान की जाए। अगले 90 दिनों में सफाई, कचरा प्रबंधन, सड़क, नाली और डिजिटल शिकायत व्यवस्था को मजबूत किया जाए। छह महीने में नागरिक संतुष्टि, स्वच्छता, हरियाली और शिकायत निस्तारण के आधार पर मूल्यांकन किया जाए। वहीं एक वर्ष में सफल प्रयोगों का दस्तावेजीकरण कर इन्हें कोटा के अन्य वार्डों में भी लागू किया जाए। प्रत्येक वार्ड के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त हों। पार्षदों और अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की जाएं तथा मासिक प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। इससे प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ेगी और नागरिकों का विश्वास भी मजबूत होगा।

मातृशक्ति का नेतृत्व और जनभागीदारी बनेगी ताकत

महिला नेतृत्व की संवेदनशीलता और संवाद क्षमता को शहर के विकास में प्रभावी रूप से इस्तेमाल किया जा सकता है। महिला स्वच्छता समितियां, स्वयं सहायता समूह, युवा संगठन, स्कूल-कॉलेज और व्यापारिक संस्थाएं इस अभियान की सहभागी बनें।

सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण, बेहतर कार्य परिस्थितियां और सम्मान मिलना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। आखिरकार स्वच्छ शहर का निर्माण उन हाथों के सम्मान के बिना अधूरा है, जो प्रतिदिन शहर को स्वच्छ रखने में जुटे रहते हैं।

महापौर द्वारा स्वयं झाड़ू लगाना और कचरा संग्रहण वाहन चलाना सकारात्मक प्रतीकात्मक पहल रही है। अब आवश्यकता है कि इन प्रयासों को स्थायी प्रशासनिक व्यवस्था में बदला जाए। स्वच्छता किसी एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रतिदिन निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है।

तीन वार्डों की सफलता बने पूरे कोटा की पहचान

कोटा शिक्षा और कोचिंग नगरी होने के साथ-साथ औद्योगिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान रखता है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में शहर में विकास की अनेक संभावनाएं आगे बढ़ रही हैं। ऐसे में कोटा को आधुनिक नागरिक सुविधाओं और बेहतर स्वच्छता व्यवस्था से जोड़ना समय की मांग है। नगर निगम, जिला प्रशासन, विकास प्राधिकरण, जनप्रतिनिधियों और नागरिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय इस दिशा में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।

महापौर अनुसुइया गोस्वामी के पास अवसर है कि वे अपने कार्यकाल की पहचान केवल अभियानों तक सीमित न रखकर एक सफल शहरी विकास मॉडल के रूप में स्थापित करें। यदि वार्ड 98, 99 और 100 में सकारात्मक परिणाम दिखाई देते हैं, तो शहर के अन्य वार्ड भी इस मॉडल को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे। यही प्रयोग आगे चलकर राजस्थान के दूसरे शहरों के लिए भी अनुकरणीय बन सकता है।

जन्मदिवस पर शुभकामनाओं के साथ कोटा की अपेक्षा है कि महापौर ऐसा संकल्प लें, जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिले। नेतृत्व महापौर का हो, प्रशासन व्यवस्था संभाले, पार्षद सक्रिय रहें और नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

तीन वार्डों से शुरुआत हो और पूरे कोटा में बदलाव की लहर उठे। यही जन्मदिवस का सबसे सार्थक उपहार और विकसित कोटा की नई पहचान बन सकता है। मेरा वार्ड स्वच्छ, मेरा शहर स्मार्ट; वार्ड 98, 99 और 100 से शुरू हो विकसित कोटा का नया अध्याय!

रिपोर्टर - रमेश चंद्र शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.