मातृ सम्मेलन में बच्चों के सर्वांगीण विकास के बताए सूत्र
बकानी : विद्या भारती द्वारा संचालित स्वामी श्री रामेश्वर आश्रम आदर्श विद्या मन्दिर माध्यमिक विद्यालय, बकानी के शिशु विभाग के तत्वावधान में शनिवार, 21 नवम्बर 2026 को ग्राम मोड़ी में मातृ सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में माता-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य भारत कुमार शर्मा सहित शिशु विभाग के आचार्य जगदीश चंद शर्मा, नारायण लाल लोधा, रामचंद्र लोधा, नवीन जोशी एवं विजय नागर उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता श्रीमती मनीषा व्यास एवं श्रीमती संध्या शर्मा ने मातृशक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के जीवन निर्माण में माता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। माता ही बच्चों की दिनचर्या, खान-पान, स्वास्थ्य, व्यवहार एवं संस्कारों पर सबसे अधिक ध्यान दे सकती है। इसलिए प्रत्येक माता को अपने बच्चों की दैनिक गतिविधियों की जानकारी रखते हुए उनके अच्छे संस्कारों एवं अनुशासित जीवन के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय और परिवार एक-दूसरे के पूरक हैं। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों और विद्यालय के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय आवश्यक है। माताओं को विद्यालय की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों से निरंतर जुड़े रहना चाहिए तथा विद्यालय के नियमों का पालन करते हुए बच्चों को प्रतिदिन पूर्ण गणवेश में विद्यालय भेजना चाहिए। इससे बच्चों में अनुशासन, नियमितता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
सम्मेलन का उद्देश्य माताओं को बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, दिनचर्या एवं संस्कारों के प्रति जागरूक करना तथा विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम के अंत में शिशु विभाग प्रभारी जगदीशचंद शर्मा ने उपस्थित समस्त माता-बहनों का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर : रमेश चंद्र शर्मा

No Previous Comments found.