उप तहसील कार्यालय सारोलाकलाँ का जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण

झालावाड़ :  जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने गुरुवार को उप तहसील कार्यालय सारोलाकलाँ का निरीक्षण कर उप तहसील में संचालित विभिन्न प्रशासनिक एवं राजस्व कार्यों की प्रगति का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, फाइलों के निस्तारण, राजस्व प्रकरणों तथा आमजन से जुड़े मामलों की स्थिति की समीक्षा की। जिला कलेक्टर ने तहसीलदार व नायब तहसीलदार को निर्देश दिए कि नामांतरण, सीमाज्ञान, जाति-आय-निवास प्रमाण पत्र, भूमि विवाद, राजस्व न्यायालयीन प्रकरण एवं जनसुनवाई से संबंधित आवेदनों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने कहा कि उप तहसील आमजन के लिए प्रशासन का प्रथम संपर्क बिंदु है, ऐसे में यहां से जुड़ी सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब ना करें।  निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों की सूची तैयार कर उनका चरणबद्ध एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक प्रकरण में पारदर्शिता बनाए रखते हुए संबंधित पक्षकारों को समय पर सूचना दी जाए।

श्री राठौड़ ने कार्यालय में रिकॉर्ड संधारण, ऑनलाइन पोर्टल पर प्रविष्टियों, जन सेवा केन्द्र से समन्वय तथा कार्यालय की स्वच्छता एवं अनुशासन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रक्रियाओं का अधिकतम उपयोग कर कार्यों को सरल, त्वरित एवं प्रभावी बनाया जाए। जिला कलेक्टर ने उप तहसील के समस्त स्टाफ को निर्देशित किया कि आमजन के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सुचारू रूप से पहुंच सके। निरीक्षण के अंत में उन्होंने उप तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित समीक्षा एवं निगरानी पर जोर देते हुए कहा कि समयबद्धता, जवाबदेही और सेवा भाव ही सुशासन की पहचान है।इस दौरान तहसीलदार हेमराज कपूर, नायब तहसीलदार योगेन्द्र यादव सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : रमेश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.