राजस्व मंडल अजमेर के सदस्य भवानी सिंह पालावत ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय एवं उपखण्ड अधिकारी कार्यालय का किया निरीक्षण

झालावाड़ : राजस्व मंडल अजमेर के सदस्य भवानी सिंह पालावत ने गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय एवं उपखण्ड अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिले में लंबित एवं प्रचलित राजस्व प्रकरणों, राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड संधारण तथा आमजन से जुड़े राजस्व कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान श्री पालावत ने राजस्व अधिकारियों से प्रकरणवार जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि राजस्व न्याय प्रणाली में पारदर्शिता और संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने नामांतरण, बंटवारा, सीमाज्ञान, अतिक्रमण, खातेदारी, अपील एवं पुनरीक्षण प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। साथ ही उन्होंने न्यायालयीन आदेशों की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

राजस्व मंडल सदस्य ने रिकॉर्ड प्रबंधन, पत्रावलियों के सुव्यवस्थित संधारण तथा ई-गवर्नेंस के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली का अधिकतम उपयोग कर कार्यों में पारदर्शिता एवं गति लाई जाए। इस दौरान आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने तथा जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों को गंभीरता से लेने के भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने जिले में राजस्व प्रकरणों की स्थिति, निस्तारण की प्रगति एवं नवाचारों की जानकारी दी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव एवं उपखण्ड अधिकारी अभिषेक चारण ने अपने-अपने कार्यालयों से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर श्री पालावत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने, समय-सीमा का पालन करने एवं आमजन को राहत प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने के निर्देश भी दिए।

रिपोर्टर : रमेश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.