एमएसपी पर गेहूं खरीद के लिए गिरदावरी व्यवस्था एवं स्लॉट बुकिंग को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी

झालावाड़ : खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा रबी विपणन सत्र (आरएमएस) 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद की प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से गिरदावरी व्यवस्था तथा पंजीकृत किसानों द्वारा फसल एकविक्रय के लिए स्लॉट बुकिंग संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

जारी निर्देशों के अनुसार एमएसपी पर गेहूं खरीद के लिए केवल पंजीकृत किसानों को ही उनकी उपलब्ध गिरदावरी के आधार पर फसल विक्रय की अनुमति दी जाएगी। किसानों की वास्तविक उपज की मात्रा का आकलन गिरदावरी के माध्यम से किया जाएगा तथा उसी मात्रा तक एमएसपी पर खरीद संभव होगी।

गिरदावरी का महत्व बढ़ा
निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि वर्ष 2026 की गिरदावरी को प्राथमिक आधार माना जाएगा, जबकि वर्ष 2025 की गिरदावरी केवल तब मान्य होगी जब 2026 की गिरदावरी उपलब्ध नहीं हो। जिन क्षेत्रों में राजस्व या भू-प्रबंधन विभाग द्वारा आधुनिक गिरदावरी ऑनलाइन नहीं की गई है, वहां संबंधित तहसीलदार द्वारा प्रमाणित पंजीकृत किसानों की गिरदावरी को ही पोर्टल पर अपलोड कर खरीद प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

स्लॉट बुकिंग व्यवस्था होगी साप्ताहिक
पंजीकृत किसानों को गेहूं विक्रय हेतु स्लॉट बुकिंग प्रत्येक सप्ताह सोमवार से शुक्रवार तक पोर्टल के माध्यम से करने का विकल्प उपलब्ध रहेगा। किसानों द्वारा दी गई सहमति के आधार पर आगामी सप्ताह के लिए बुकिंग की वरीयता तय करते हुए “पहले आओ-पहले पाओ” के सिद्धांत पर स्लॉट आवंटित किए जाएंगे।

खरीद केंद्रों की दैनिक क्षमता के अनुसार आवंटन
पोर्टल द्वारा स्लॉट आवंटन संबंधित खरीद केंद्र की दैनिक खरीद क्षमता को ध्यान में रखकर किया जाएगा। जिन किसानों को किसी सप्ताह स्लॉट आवंटित नहीं हो पाता है, उन्हें अगले सप्ताह की वरीयता सूची में स्वतः शामिल कर लिया जाएगा, जिससे खरीद प्रक्रिया निरंतर जारी रह सके।
 
अनुपस्थित रहने पर स्लॉट होगा निरस्त
निर्धारित दिनांक को खरीद केंद्र पर उपस्थित नहीं होने वाले किसानों का स्लॉट स्वतः निरस्त कर दिया जाएगा और उन्हें पुनः स्लॉट बुकिंग करनी होगी।

पूर्व आवंटित स्लॉट की भी समीक्षा
ऐसे क्षेत्रों में जहां आधुनिक गिरदावरी अब ऑनलाइन उपलब्ध हो गई है, वहां वर्ष 2025 एवं 2026 दोनों की गिरदावरी उपलब्ध होने की स्थिति में पूर्व में आवंटित स्लॉट भी निरस्त किए जा सकते हैं। ऐसे किसानों को एसएमएस के माध्यम से सूचित कर पुनः आवेदन करने का अवसर दिया जाएगा। एसएमएस के माध्यम से मिलेगी सूचना स्लॉट बुकिंग से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां किसानों को एसएमएस के जरिए उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उन्हें समय पर सूचना मिल सके और खरीद प्रक्रिया में अनावश्यक भीड़ एवं असुविधा से बचा जा सके।विभाग का मानना है कि इन नए दिशा-निर्देशों से एमएसपी पर गेहूं खरीद की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और किसान-हितैषी बनेगी तथा वास्तविक उपज के अनुरूप खरीद सुनिश्चित हो सकेगी।

रिपोर्टर : रमेश शर्मा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.