झालावाड़ बारां सांसद श्री दुष्यंत सिंह ने विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का किया उद्घाटन

झालावाड :  झालावाड़-बारां सांसद श्री दुष्यंत सिंह ने रविवार को झालावाड़ जिले की जनता को चिकित्सा क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण सौगातें समर्पित करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं आधुनिकीकरण की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम बढ़ाया। जिले में आमजन को बेहतर, त्वरित एवं अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सांसद श्री सिंह ने विभिन्न चिकित्सा इकाइयों एवं आधुनिक उपकरणों का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया। सांसद श्री दुष्यंत सिंह ने जनाना अस्पताल परिसर में स्थापित मॉडल एच.पी.वी. टीकाकरण केन्द्र, एडवांस एक्सरे मशीन तथा मदर न्यू बोर्न केयर यूनिट (एमएनसीयू) का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने एस.आर.जी. चिकित्सालय में नेत्र रोग विभाग ओपीडी एवं एडवांस सोनोग्राफी अल्ट्रासाउंड मशीन का उद्घाटन कर आमजन को समर्पित किया।

इस दौरान उन्होंने प्रत्येक यूनिट एवं चिकित्सा सुविधा की कार्यप्रणाली का गहनता से अवलोकन करते हुए विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा सेवाओं के सुचारू संचालन, गुणवत्ता बनाए रखने एवं आमजन को त्वरित लाभ सुनिश्चित करने हेतु संबंधित प्रभारी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

इन सुविधाओं के शुरू होने से जिले के मरीजों को अब और अधिक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं प्राप्त होंगी। विशेष रूप से महिलाओं, नवजात शिशुओं, बच्चों एवं गंभीर रोगियों को उपचार के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

इस अवसर पर सांसद श्री दुष्यंत सिंह ने कहा कि झालावाड़ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विकास पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे के अथक प्रयासों एवं दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उनके नेतृत्व में क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं का निरंतर विस्तार हुआ है, जिससे आज आमजन को बेहतरीन एवं एडवांस्ड उपचार सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी समाज की आधारशिला होती हैं और जनता को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आने वाले समय में भी चिकित्सा सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी की जाएगी तथा नवीन तकनीकों और आधुनिक संसाधनों से अस्पतालों को सशक्त बनाया जाएगा।

सांसद श्री सिंह ने कहा कि झालावाड़ एवं बारां में स्थापित मेडिकल कॉलेज भविष्य के लिए नई आशा का केंद्र हैं। यहां से प्रतिभाशाली चिकित्सक, नर्सिंग कर्मी एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञ तैयार होकर निकलेंगे, जो प्रदेश एवं देशभर में अपनी सेवाएं देंगे। इससे झालावाड़-बारां का नाम चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान के साथ स्थापित होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रत्येक नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिले। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य संस्थानों को चरणबद्ध रूप से उन्नत किया जा रहा है। आधुनिक मशीनों एवं नई इकाइयों की स्थापना से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।

मॉडल एच.पी.वी. टीकाकरण केंद्र

जनाना चिकित्सालय में एचपीवी मॉडल टीकाकरण केंद्र का उद्घाटन किया गया। सीएमएचओ डॉ. साजिद खान ने बताया कि जिले भर में जिला कलेक्टर अजयसिंह राठौड़ के नेतृत्व में एचपीवी का टीका लगाकर बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में 16500 बेटियों को टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है, इस अभियान का उद्देश्य भविष्य की माताओं को कैंसरमुक्त रखना है। सीएमएचओ ने बताया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और भविष्य में होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने में अत्यंत प्रभावी है।

नेत्र विभाग ओपीडी

पुरानी इमरजेंसी में बना हाईटेक विभाग एसआरजी अस्पताल की पुरानी इमरजेंसी विंग को पूरी तरह से नेत्र विभाग के लिए पुननिर्मित किया गया है। यहां न केवल ओपीडी संचालित होगी, बल्कि आधुनिक जांच, उपकरण, सुसज्जित ऑपरेशन थिएटर और मरीजों के लिए वार्ड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

एडवांस्ड एक्सरे मशीन व सोनोग्राफी अल्ट्रासाउंड मशीन

जनाना चिकित्सालय में नई 500 एमए क्षमता की अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन स्थापित की गई है। यह मॉडिफाइड डीआर सिस्टम आधारित मशीन है, जिससे कम समय में उच्च गुणवत्ता वाली जांच रिपोर्ट प्राप्त होगी। साथ ही मरीजों को कैसेट की आवश्यकता नहीं रहेगी तथा एचएसजी जैसी जांचों का लाभ भी मिल सकेगा।

इसी प्रकार एसआरजी चिकित्सालय में फिलिप्स कंपनी की आधुनिक सोनोग्राफी मशीन लगाई गई है, जो उच्च गुणवत्ता की इमेज रिजोल्यूशन प्रदान करती है। इस मशीन के माध्यम से 3डी, 4डी, कलर सोनोग्राफी, इलास्टोग्राफी एवं फाइब्रोस्कैन जैसी उन्नत जांचें की जा सकेंगी। इन आधुनिक मशीनों के शुरू होने से जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।

इस दौरान मनोहर थाना विधायक गोविन्द रानीपुरिया, डग विधायक कालूराम मेघवाल, पूर्व आरपीएससी अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा, पूर्व विधायक निर्मल सकलेचा, नरेंद्र नागर, जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन ताऊ, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ साजिद ख़ान, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ संजय पोरवाल, एसआरजी चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ अशोक शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, चिकित्सकगण, प्रशासनिक अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, चिकित्सा विभाग के कार्मिक तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे

रिपोर्टर : रमेश शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.