पेयजल चोरी पर विभाग की बड़ी कार्रवाई
झालावाड़ : शहर की पेयजल व्यवस्था के अंतर्गत संचालित कोटा रोड स्थित उच्च जलाशय के के.जी.एन. क्षेत्र में विगत 10 दिनों से लगातार पेयजल संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। विभाग द्वारा लगातार प्रयासों के बावजूद जलापूर्ति व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाने पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा विशेष टीम गठित कर जांच अभियान चलाया गया।
सहायक अभियंता श्रीमती भावना मेहरा एवं कनिष्ठ अभियंता द्वारा उच्च जलाशय, पंप हाउस तथा राइजिंग मेन पाइपलाइन का डोर-टू-डोर सर्वे किया गया। जांच के दौरान कुछ उपभोक्ताओं द्वारा राइजिंग मेन पाइपलाइन से अवैध रूप से पानी चोरी कर उपयोग किए जाने का मामला सामने आया।
जांच में होटल, निजी आवास एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों सहित कुल 4 अवैध नल कनेक्शन पाए गए। अवैध रूप से पानी उपयोग करने वालों में एफाज अहमद होटल बगदादी के 2 कनेक्शन, मुन्ना प्लम्बर के निजी आवास का 1 कनेक्शन तथा मनोज ट्रेडर्स बस स्टैंड स्थित निजी आवास का 1 कनेक्शन शामिल है।
विभागीय जांच में सामने आया कि ग्रीष्म ऋतु के दौरान इन अवैध कनेक्शनों के माध्यम से पेयजल की चोरी की जा रही थी, जिससे क्षेत्र की जलापूर्ति प्रभावित हो रही थी और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध पेयजल चोरी अधिनियम के तहत पेनल्टी एवं नियमानुसार कार्रवाई प्रस्तावित की है। विभाग ने आमजन से अपील की है कि पेयजल जैसी आवश्यक सेवा के संरक्षण में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध जल चोरी की सूचना विभाग को दें।
रिपोर्टर : रमेश शर्मा

No Previous Comments found.