झांसी में दबंगई का तांडव: घर में घुसकर महिला पर जानलेवा हमला

बंगरा झांसी : झांसी के उल्दन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पलरा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक दबंग ने घर में घुसकर विधवा महिला और उसकी बहू पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें झांसी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, परिजनों ने पुलिस से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। घटना झांसी जिले के उल्दन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पलरा की है। 14 फरवरी की शाम करीब चार बजे विधवा महिला पाली बाई अपने घर में बैठी थीं। तभी पड़ोस में रहने वाले बलभद्र सिंह, जो शराब के नशे में धुत थे, लाठी-डंडों के साथ घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उन पर लाठी से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण खून बहने लगा। महिला को बचाने दौड़ी उनकी बहू रागिनी पर भी आरोपी ने लाठी और घूंसों से हमला कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने शोर मचाकर पड़ोसियों से मदद मांगी, लेकिन आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। घायल महिला और उनकी बहू ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंगरा पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के कारण महिला को जिला अस्पताल झांसी रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने महिला के सिर पर कई टांके लगाए और इलाज के बाद उनकी जान बच सकी।
इलाज के बाद पाली बाई और उनके परिजन उल्दन थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुरील ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था। पाली बाई (पीड़िता):ने कहा कि"हमें न्याय चाहिए। वह आदमी शराब पीकर आए दिन धमकियां देता है। अब हमारी जान को खतरा है। पुलिस से हमारी गुज़ारिश है कि जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जाए।"रागिनी (बहू):ने बताया कि"जब मैंने सासू माँ को बचाने की कोशिश की तो उसने मुझे भी मारा। हमारी जान को खतरा है। पुलिस हमारी सुरक्षा सुनिश्चित करे।"मामले की जांच जारी है। जल्द ही उचित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।"जानकारी के लिए। यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है बल्कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती है। सवाल यह है कि क्या पीड़ित परिवार को समय पर न्याय मिलेगा? क्या आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होगा?
रिपोर्टर : धीरेंद्र सोनी
No Previous Comments found.