ग्राम नोटा में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोग झुलसे,एक की हालत गंभीर

झांसी :  थाना उल्दन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम नोटा में शाम करीब 4:30 बजे आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्य झुलस गए। हादसे में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी रामचरण कुशवाहा पुत्र लक्ष्मण कुशवाहा ने डायल 112 पर सूचना दी कि तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से राम विजय कुशवाहा (40 वर्ष), उनकी पुत्री शिवानी (22 वर्ष) एवं रति कुशवाहा (60 वर्ष) झुलस गए। घायलों को तुरंत उपचार हेतु स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां राम विजय की स्थिति गंभीर होने पर झांसी रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, इस घटना में राम विजय की दो बकरियां भी मौके पर ही मृत हो गईं। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक उल्दन दिनेश कुरील मय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना स्थल पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।उपजिलाधिकारी टहरौली भी मौके पर मौजूद रहे। गांव के लोगों में इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक की लहर व्याप्त है।


रिपोर्टर : धीरेंद्र सोनी 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.