विवेकानंद पब्लिक स्कूल गुसांईपुरा में ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण
झांसी : विवेकानंद पब्लिक स्कूल, गुसांईपुरा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तुत ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विद्यालय परिसर में बड़ी एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से मुक्त रहने, अनुशासित जीवन जीने की कला सिखाई, बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया, जीवन में कर्म की प्रधानता पर भी बल दिया, बच्चों को महान लोगों की जीवनी पढ़ने एवं उनसे सीखना चाहिए, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा सकारात्मक सोच के साथ अध्ययन करने से संबंधित प्रेरक विचारों को बच्चों ने ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के मन से परीक्षा से जुड़ा भय और तनाव दूर करना तथा पढ़ाई के प्रति उनके रूझान को बढ़ाना रहा। प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक संदेशों से छात्र-छात्राओं में उत्साह और आत्मबल का संचार हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। साथ ही अभिभावकों की सहभागिता भी देखने को मिली, जिन्होंने बच्चों के साथ मिलकर इस कार्यक्रम का अवलोकन किया। विद्यालय के प्रबंधक एवं उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य श्री रामतीर्थ सिंघल, प्रधानाचार्या श्रीमती अंजना सारस्वत एवं समस्त अध्यापिकाओं ने भी प्रधानमंत्री जी के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और इसे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
विद्यालय प्रशासन ने इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर कराने की बात कही।
इस अवसर पर विद्यालय की अध्यापिकायें रंजन सक्सेना, पूनम मकराड़िया, रेनू गांगिल, अंकित सोनी, संगीता अवस्थी, नीलू मिश्रा, भावना सिंह एवं ज्योतिसना गुप्ता आदि उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.