वोटर लिस्ट से नाम काटने की साजिश का आरोप, झांसी में सपा ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
झांसी : निर्वाचन आयोग के फॉर्म नंबर 7 के कथित दुरुपयोग और मतदाता सूची से विपक्षी समर्थकों और एक विशेष वर्ग के नाम हटाए जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी ने तीखे तेवर अपना लिए हैं। शुक्रवार को सपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र यादव भोजला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष बृजेंद्र यादव भोजला ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के इशारे पर अधिकारी फॉर्म नंबर 7 का सहारा लेकर समाजवादी पार्टी के वोटर्स, विशेषकर पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के नाम सूची से काट रहे हैं। उन्होंने दोपहर 12:30 बजे कहा कि बिना किसी स्थलीय सत्यापन के थोक में नाम हटाना लोकतंत्र की हत्या है। सपा ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और किसी भी व्यक्ति का नाम काटने से पहले उसकी गहन जांच की जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

No Previous Comments found.