22 फरवरी को पं0 दीनदयाल सभागार में होगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर

झांसी : समाज के निर्बल वर्गों को न्याय और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल एवं त्वरित रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झांसी द्वारा 22 फरवरी 2026 को पंडित दीनदयाल सभागार, झांसी में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस मेगा शिविर का उद्देश्य समाज के कमजोर तबकों, दिव्यांग बच्चों, महिलाओं, निर्धन वर्ग तथा असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और उनके अधिकारों की जानकारी प्रदान करना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ दिलाना है।

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झांसी प्रतीक त्रिपाठी द्वारा जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर का आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झांसी श्रीमती कमलेश कच्छल के मार्गदर्शन में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से न्याय तक सभी की समान पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद वर्गों को कानूनी सहायता के साथ-साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही मंच पर मिल सके।
इस विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराया जाएगा। शिविर में पंजीकरण के पश्चात योग्य व्यक्तियों को संबंधित योजनाओं का त्वरित लाभ प्रदान करने की व्यवस्था भी की जाएगी। इस प्रक्रिया को सुगम और प्रभावी बनाने के लिए 22 फरवरी 2026 से पूर्व जनपद में लघु विधिक सहायता एवं सेवा शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक होकर समय से अपना पंजीकरण करा सकें।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समाज का कोई भी कमजोर वर्ग जानकारी के अभाव या प्रक्रियागत जटिलताओं के कारण सरकारी योजनाओं से वंचित न रह जाए। शिविर के माध्यम से लोगों को न केवल उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा, बल्कि उन्हें न्यायिक सहायता, परामर्श और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जाएगा। इससे आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो सकेगा।
  


रिपोर्टर : अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.