निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य हेतु अन्तिम प्रकाशन 15 अप्रैल को

झांसी- जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उ0प्र0, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद झाँसी में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावलियों का वृहद पुनरीक्षण कार्य संचालित है, जिसके अन्तर्गत दिनांक 07 जनवरी से 16 मार्च 2026 तक दावे/आपत्तियों के निस्तारण के उपरान्त हस्तलिखित पाण्डुलिपियां तैयार करना, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा करना एवं सम्भावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन/निस्तारण की कार्यवाही, 21 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक दावे और आपत्तियों के निस्तारण के उपरान्त पूरक सूचियों की कम्प्यूटीकरण की तैयारी तथा उन्हें मूल सूची में यथा स्थान समाहित करने एवं यथावश्यक मतदान केन्द्रो/स्थलों के निर्धारण की कार्यवाही तथा 17 मार्च से 13 अप्रैल 2026 तक  मतदाता सूचियों की कम्प्यूटीकरण के उपरान्त मतदान केन्द्र/स्थलों का क्रमांकन, मतदाता क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, मतदान क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग, फोटो प्रतियाँ कराने तथा दिनांक 15 अप्रैल 2026 को निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए अन्तिम प्रकाशन किया जायेगा।

इस सम्बन्ध में जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) ने जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को निर्देश दिये कि त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम का विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करायें एवं सार्वजनिक जानकारी हेतु समस्त कार्यालयों के सूचना पट्ट पर भी वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम चस्पा प्रदर्शित करायें। निर्वाचक नामावली के वृहद् पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में सम्बन्धित कार्यालय खुले रहेंगे तथा निर्धारित संशोधित समय सारिणी के अनुसार निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण करायें।

रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.