बीआईईटी में “प्रभंजन 2026” खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ

झांसी- बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान बीआईईटी में तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव “प्रभंजन 2026” का शुभारंभ अत्यंत उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। खेल भावना, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा से ओत-प्रोत यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पधारे भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एवं बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण, झांसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री संजय कुमार खत्री ने विधिवत उद्घाटन किया। समारोह की अध्यक्षता संस्थान के माननीय निदेशक प्रो. जितेंद्र कुमार शर्मा शर्मा ने की, जिससे विद्यार्थियों का उत्साह और भी बढ़ गया।
इस खेल महोत्सव में क्षेत्र के अनेक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं छात्र-छात्राएँ सहभागिता के लिए पहुँचे हैं। इनमें आरईसी बांदा, आरईसी कन्नौज, आरईसी बिजनौर, पैरामेडिकल कॉलेज झांसी, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय तथा कृषि विश्वविद्यालय झांसी के प्रतिभागियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। विभिन्न महाविद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को और भी भव्य स्वरूप प्रदान किया।
समारोह का प्रारंभ ध्वजारोहण से हुआ। इसके पश्चात विभिन्न दलों द्वारा अनुशासित और आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। प्रतिभागी दलों ने मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष महोदय को प्रभावशाली सलामी दी। तत्पश्चात मशाल प्रज्वलन एवं दौड़ का आयोजन हुआ, जिसने संकल्प, एकता और निरंतर आगे बढ़ने की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया। शांति एवं सद्भाव के प्रतीक स्वरूप कबूतर उड़ाकर कार्यक्रम को सकारात्मक संदेश के साथ आगे बढ़ाया गया।
मुख्य अतिथि श्री संजय कुमार खत्री ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिकता की भावना विकसित करते हैं।
अध्यक्षीय उद्बोधन में निदेशक प्रो. जे. के. शर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
खेल महोत्सव के प्रथम दिवस खेले गए मुकाबलों में रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बीआईईटी ए एवं बीआईईटी बी टीमों ने क्रमशः बांदा तथा बिजनौर की टीमों को पराजित कर विजय प्राप्त की। वहीं वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बीआईईटी बी ने बांदा को हराकर शानदार प्रदर्शन किया। अन्य कई खेल प्रतियोगिताएँ निरंतर जारी हैं। यह खेल महोत्सव आगामी 22 फरवरी तक संचालित होगा।
इस आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष, छात्र क्रिया-कलाप परिषद् प्रो. यशपाल सिंह तथा क्रीड़ा उप-परिषद् के प्रभारी अधिकारी डॉ. सतीश कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके समर्पित प्रयासों से “प्रभंजन 2026” भव्य स्वरूप ले सका।
उद्घाटन समारोह का प्रभावशाली एवं सुसंगठित मंच संचालन छात्र राज पाण्डेय द्वारा किया गया, जिसने पूरे कार्यक्रम को उत्साह और गरिमा के साथ संचालित किया।
संस्थान के मीडिया प्रभारी डॉ. सुनील कुमार राजपूत ने बताया कि खेल महोत्सव “प्रभंजन 2026” के अंतर्गत क्रिकेट, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, फुटबॉल, टेबल टेनिस तथा शतरंज सहित विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं।  “प्रभंजन 2026” विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर है। विद्यार्थियों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिल रही है। इस अवसर पर संस्थान के समस्त शिक्षक गण कर्मचारी गण तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.