राज्य चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली तमन्ना का अभिनंदन”
झांसी : आज प्रसिद्ध समाज सेविका अनुराधा शर्मा ने राज्य स्तरीय कुश्ती चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता तमन्ना समाधिया का सम्मान किया। वीरांगना लक्ष्मीबाई की पावन धरती झांसी से निकली एक और स्वर्णिम गाथा ने खेल जगत को गौरवान्वित किया है। राज्य स्तरीय कुश्ती चैम्पियनशिप (बनारस) में कांस्य पदक अर्जित करने वाली झांसी की प्रतिभाशाली महिला पहलवान तमन्ना समाधिया का आज नगर की प्रतिष्ठित समाजसेविका अनुराधा शर्मा द्वारा गरिमामय सम्मान किया गया।इस अवसर पर आयोजित समारोह में तमन्ना अपने अर्जित कांस्य पदक के साथ उपस्थित रहीं। अनुराधा शर्मा जी ने उन्हें स्मृति-चिन्ह (मोमेंटो), प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान पट्टिका भेंट कर अभिनंदित किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में सदैव संबल बने उनके पिता श्री सुनील समाधिया को भी सम्मानित कर उनकी प्रेरक भूमिका को नमन किया गया। उल्लेखनीय है कि अंडर-17 आयु वर्ग के 61 किलोग्राम भार वर्ग में यह उपलब्धि झांसी की किसी महिला पहलवान द्वारा राज्य स्तर पर अर्जित पहला पदक है—जो न केवल जिले के लिए, बल्कि महिला कुश्ती के इतिहास में भी एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में अंकित हो चुका है।
सम्मान समारोह के दौरान तमन्ना समाधिया ने अपने उद्बोधन में जिला कुश्ती संघ, अध्यक्ष, कोच एवं समस्त प्रशिक्षकों के प्रति गहन कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक सहयोग, सतत मार्गदर्शन और अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं हेतु और अधिक समर्पण के साथ तैयारी कर झांसी का नाम नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का हरसंभव प्रयास करेंगी।
समाजसेविका अनुराधा शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि कुश्ती भारत की प्राचीनतम एवं गौरवशाली खेल परम्पराओं में से एक है, और इसके संरक्षण-संवर्धन में जिला कुश्ती संघ की प्रतिबद्धता सराहनीय है। उन्होंने झांसी के पहलवानों को आधुनिक प्रशिक्षण, संसाधन एवं सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि निरंतर परिश्रम और सही मार्गदर्शन से झांसी की यह प्रतिभा भविष्य में राष्ट्रीय दल का हिस्सा बन सकती है तथा ओलम्पिक जैसे सर्वोच्च लक्ष्यों की ओर अग्रसर होगी।
इस अवसर पर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा, संरक्षक बैदेही शरण सरावगी, सचिव सुन्दर ग्वाला , संयोजक अशोक अग्रवाल (पीएनबी), सेमुअल पीटर (इंटर रेलवे चैम्पियन),कोच संदीप यादव, महिला पहलवान श्रृष्टि एवं अम्बिका प्रसाद श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
यह सम्मान समारोह केवल एक पदक का अभिनंदन नहीं, बल्कि झांसी में महिला कुश्ती के उज्ज्वल भविष्य और खेल-संस्कृति के सुदृढ़ संकल्प का प्रेरक उद्घोष था।


No Previous Comments found.