प्रभंजन 2026 का भव्य समापन, बुंदेलखंड अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के खिलाड़ियों ने खेलों में दिखाया उत्कृष्ट प्रदर्शन
झांसी : बुंदेलखंड अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित अंतर-महाविद्यालयीय वार्षिक खेल महोत्सव “प्रभंजन 2026” का भव्य समापन समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर झाँसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक प्रो. जे.के. शर्मा ने की।
समापन समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं प्रस्तावना के साथ हुआ। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम भावना जैसे जीवन-मूल्यों को विकसित करते हैं। इन्हीं आदर्शों के साथ “प्रभंजन 2026” का आयोजन पूरे उत्साह एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि आईजीपी आकाश कुलहरि ने अपने प्रेरणास्पद संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और उनमें साहस, धैर्य तथा निर्णय क्षमता का विकास करते हैं, जो जीवन की प्रत्येक चुनौती में सहायक सिद्ध होती है।
संस्थान के निदेशक प्रो. जे.के. शर्मा ने अपने उद्बोधन में आयोजन से जुड़े सभी प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि “प्रभंजन 2026” ने बुंदेलखंड अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान में खेल संस्कृति को नई ऊँचाइयाँ प्रदान की हैं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
खेल प्रतियोगिताओं में बुंदेलखंड अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अनेक खेलों में विजय प्राप्त की। क्रिकेट प्रतियोगिता में संस्थान की ‘ए’ टीम ने आरईसी कन्नौज को पराजित कर विजय हासिल की। बास्केटबॉल (बालक वर्ग) में संस्थान की ‘बी’ टीम ने बी आई ई टी ‘ए’ टीम को हराया, जबकि बालिका वर्ग में संस्थान की ‘ए’ टीम ने संस्थान की ही ‘बी’ टीम पर जीत दर्ज की। वॉलीबॉल (बालिका वर्ग) में भी संस्थान की ‘ए’ टीम ने ‘बी’ टीम को मात दी। कबड्डी प्रतियोगिता में संस्थान की ‘बी’ टीम ने आरईसी कन्नौज को पराजित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
टेबल टेनिस (बालक वर्ग) में संस्थान की ‘ए’ टीम ने आरईसी बांदा को हराया, वहीं बालिका वर्ग में संस्थान की ‘ए’ टीम ने ‘बी’ टीम पर विजय प्राप्त की। शतरंज प्रतियोगिता में भी संस्थान की ‘ए’ टीम ने ‘बी’ टीम को पराजित किया। फुटबॉल प्रतियोगिता में संस्थान की ‘ए’ टीम ने कृषि महाविद्यालय की टीम को हराकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। इसके अतिरिक्त एथलेटिक्स सहित अनेक अन्य खेल स्पर्धाओं में भी संस्थान के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपना परचम लहराया।
समारोह के अंत में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। छात्र परिषद अध्यक्ष प्रो यश पाल सिंह द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक समापन हुआ।
समग्र रूप से “प्रभंजन 2026” खेल भावना, अनुशासन और समर्पण का एक भव्य उत्सव बनकर उभरा, जिसने विद्यार्थियों को न केवल खेलों में बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान की।


No Previous Comments found.