मान्यवर कांशीराम जयंती पर सपा कार्यकर्ताओं ने किया विचार गोष्ठी का आयोजन

झांसी : बहुजन समाज के महान नेता और सामाजिक न्याय के पुरोधा मान्यवर कांशीराम की जयंती रविवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता हाथों में समाजवादी पार्टी का झंडा लेकर नगर के एक विवाह घर में एकत्र हुए, जहां विचार गोष्ठी एवं बैठक का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विश्वंभर प्रसाद निषाद उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह यादव भोजला ने की। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में महेश कश्यप, राकेश पहलवान, डॉ. रघुवीर चौधरी, डॉ. रमणीक भजन नेता, सीताराम कुशवाहा और अमित कुशवाहा मौजूद रहे।
वक्ताओं ने मान्यवर कांशीराम के सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के पिछड़े, दलित और कमजोर वर्गों को राजनीतिक व सामाजिक अधिकार दिलाने में कांशीराम का योगदान ऐतिहासिक है।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के सिद्धांत को मजबूत करने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करने की अपील की। साथ ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।
कार्यक्रम में मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने मान्यवर कांशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

रिपोर्टर : संतोष श्रीवास

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.