रामनवमी पर्व को लेकर अहम बैठक संपन्न, भव्य जुलूस में हेलीकॉप्टर से होगी पुष्प वर्षा

झांसी- मऊरानीपुर : तहसील मऊरानीपुर में आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं भव्य तरीके से मनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी, एसपी ग्रामीण, उपजिलाधिकारी मऊरानीपुर एवं क्षेत्राधिकारी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान रामनवमी सेवा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन पूर्ण रूप से शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाए। साथ ही समिति के सदस्यों से सहयोग की अपील की गई ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। रामनवमी सेवा समिति के अध्यक्ष हेमंत सेठ ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि समिति के सभी सदस्य पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे और आयोजन को सफल एवं भव्य बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। इस वर्ष रामनवमी जुलूस को विशेष आकर्षण के साथ निकाला जाएगा। पहली बार हेलीकॉप्टर के माध्यम से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की जाएगी, जो आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा। जुलूस में अखाड़ों के करतब, पंजाबी ढोल की धुन, सुसज्जित विमान, आकर्षक झांकियां और राधा-कृष्ण का मनमोहक रास नृत्य श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा। इसके अलावा अखाड़ों के साधु-संतों की भागीदारी से धार्मिक वातावरण और अधिक सजीव होगा। शोभायात्रा में भगवान हनुमान एवं भगवान भोलेनाथ के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन भी श्रद्धालुओं को होंगे, जिससे पूरे नगर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिलेगा। बैठक में देवेन्द्र चतुर्वेदी, जित्तू सेठ, हरीदयाल कुशवाहा, गोलू सोनी, अंजू तिवारी, विनोद तिवारी, कपिल शांडिल्य, बिल्ले सोनी, सुनील रावत, मनीष अग्रवाल, कल्लू बादल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : संतोष श्रीवास

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.